Agra News: मामूली विवाद ने पकड़ा तूल, बकरी को सींग मारने का विरोध करने पर किशोरियों और पिता की जमकर पिटाई

Crime

आगरा: खंदौली थाना क्षेत्र के हाजीपुर खेड़ा गांव में एक बेहद अजीबोगरीब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है। एक छोटी सी शिकायत करना एक परिवार को इतना महंगा पड़ा कि दबंगों ने किशोरियों के साथ-साथ उनके पिता को भी बेरहमी से पीट दिया। पीड़ित परिवार की तहरीर पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर कार्यवाही शुरू कर दी है।

क्या है पूरा मामला?

मिली जानकारी के अनुसार, हाजीपुर खेड़ा निवासी सुभाष चंद्र की बकरी खेत में चर रही थी। इसी दौरान गांव के ही नरेश की भैंस ने बकरी को सींग मारकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। सुभाष की बेटियां, 15 वर्षीय कीर्ति और 13 वर्षीय मानवी, जब यह शिकायत लेकर नरेश के पास पहुंचीं, तो वह आग बबूला हो गया। आरोप है कि उसने दोनों किशोरियों के साथ मारपीट की।

विरोध करने पर पिता को पीटा, दी जान से मारने की धमकी

अपनी बेटियों पर हुए हमले की जानकारी मिलते ही सुभाष चंद्र न्याय की उम्मीद में नरेश के घर पहुंचे। लेकिन वहां पहुंचते ही स्थिति और बिगड़ गई। आरोप है कि नरेश के साथ मिलकर लवकुश, विनय और तेज सिंह ने सुभाष को भी घेर लिया और उनके साथ लाठी-डंडों से मारपीट की। दबंगों ने पीड़ित को जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे पूरे परिवार में दहशत का माहौल है।

​पुलिस ने दर्ज किया केस

घटना के तुरंत बाद सुभाष चंद्र खंदौली थाने पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दी। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर के आधार पर नरेश, लवकुश, विनय और तेज सिंह के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। थाना प्रभारी का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh