Agra News: प्रधानी चुनाव की रंजिश का खूनी अंत, एक और आरोपी गिरफ्तार, हत्याकांड की कड़ियों को जोड़ रही पुलिस

Crime

आगरा। थाना जैतपुर क्षेत्र को दहला देने वाले अविनाश यादव हत्याकांड में पुलिस को एक बड़ी कामयाबी हाथ लगी है। पूर्वी जोन पुलिस, एसओजी और सर्विलांस सेल की संयुक्त टीम ने लंबे समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी गोलू यादव को धर दबोचा है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने घटना में इस्तेमाल की गई बाइक और अवैध तमंचा-कारतूस भी बरामद कर लिए हैं। इस गिरफ्तारी को हत्याकांड की गुत्थी सुलझाने की दिशा में एक अहम कड़ी माना जा रहा है।

मुखबिर की सूचना पर बिछाया जाल

आरोपी गोलू यादव, जो कि मूल रूप से मध्य प्रदेश का निवासी बताया जा रहा है, वारदात के बाद से ही अपनी गिरफ्तारी से बचने के लिए लगातार ठिकाने बदल रहा था। पुलिस की टीमें उसके पीछे लगी हुई थीं। गुरुवार को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने कमतरी यमुना ब्रिज के पास जाल बिछाया और घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।

​पुरानी चुनावी रंजिश का खूनी अंत

पुलिस जांच के अनुसार, अविनाश यादव की हत्या के पीछे प्रधानी चुनाव की पुरानी अदावत मुख्य कारण थी। आरोपियों ने एक सोची-समझी साजिश के तहत पहले अविनाश के वाहन को जोरदार टक्कर मारी और फिर रुकने पर उस पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई थी। इस घटना ने पूरे इलाके को स्तब्ध कर दिया था।

पुलिस का शिकंजा, बाकी आरोपी जल्द सलाखों के पीछे

गौरतलब है कि इस मामले में पुलिस इससे पहले इंद्राराज समेत तीन अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज चुकी है। पुलिस के उच्चाधिकारियों का कहना है कि गोलू यादव से पूछताछ में कुछ अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी हाथ लगी हैं।

पुलिस की टीमें अब फरार चल रहे शेष आरोपियों की सरगर्मी से तलाश कर रही हैं और उनके संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी जा रही है। अधिकारियों ने दावा किया है कि बहुत जल्द हत्याकांड में शामिल सभी आरोपियों को पुलिस की गिरफ्त में लाया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh