एक सप्ताह में आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के एरियर भुगतान का आश्वासन, दिवाली से पहले वेतन और बोनस देने की बात
आगरा। दीपावली से पूर्व नगर निगम के सभी संवर्गों के कर्मचारियों का वेतन, स्थायी कर्मचारियों का बोनस तथा आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के 81 दिन के एरियर का भुगतान कराने की मांग को लेकर 13 अक्टूबर 2026 को सेनेटरी सुपरवाइजर संघ एवं उत्तर प्रदेश नगर निगम जलकल विभाग संघ ने संयुक्त रूप से नगर निगम के मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह को ज्ञापन सौंपा।
ज्ञापन के माध्यम से दोनों संगठनों ने मांग की कि दीपावली के त्योहार को देखते हुए कर्मचारियों के लंबित भुगतान समय से कराए जाएं, ताकि कर्मचारी और उनके परिवार त्योहार की तैयारियां कर सकें।
इस पर मुख्य वित्त एवं लेखाधिकारी ब्रजेश कुमार सिंह ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि आउटसोर्सिंग कर्मचारियों के 81 दिन के एरियर का भुगतान एक सप्ताह के अंदर करा दिया जाएगा। साथ ही, दीपावली से पहले नगर निगम के सभी संवर्गों के कर्मचारियों का वेतन और स्थायी कर्मचारियों का बोनस भी जारी कर दिया जाएगा।
अधिकारी के आश्वासन पर दोनों संगठनों के पदाधिकारियों ने उनका आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि कर्मचारियों को निर्धारित समय के भीतर उनका बकाया भुगतान मिल जाएगा।
ज्ञापन देने वालों में सेनेटरी सुपरवाइजर संघ के संस्थापक राजकुमार विद्यार्थी, उत्तर प्रदेश नगर निगम जलकल विभाग संघ के प्रदेश अध्यक्ष चौधरी धर्मराज माथुर, सेनेटरी सुपरवाइजर संघ के अध्यक्ष रंजीत नरवार, आउटसोर्सिंग प्रकोष्ठ के अध्यक्ष सुनील पारस, कोषाध्यक्ष राजेश चौहान, संगठन मंत्री चौधरी रवि चंचल, छत्ता जोन अध्यक्ष अजीत कुमार पाथरे, अरुण कुमार देशभक्त, डेविड एक्जेंडर, अमित कुमार नरवार और बसंतलाल पाथरे सहित अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे।
- जालोर के ऐलाना गाँव में सरपंच उम्मीदवार भावना कुमारी माली ने बताईं विकास प्राथमिकताएँ - October 14, 2026
- Agra News: दीपावली से पहले वेतन, बोनस और एरियर भुगतान की मांग, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन - October 14, 2026
- …दूसरे की बरात में कब तक सहबाला बनेंगे? दिल्ली के विरोध प्रदर्शन से अखिलेश की वायरल तस्वीर पर ओपी राजभर का तंज - October 14, 2026