भाजपा में शामिल हो चुकी अदिति सिंह ने अब कांग्रेस से इस्‍तीफा दिया

UP election 2022 भाजपा में शामिल हो चुकी अदिति सिंह ने अब कांग्रेस से इस्‍तीफा दिया

Election POLITICS REGIONAL

रायबरेली सदर विधानसभा सीट से विधायक अदिति सिंह ने गुरुवार को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया। हालांकि, इससे पहले ही वे भारतीय जनता पार्टी में शामिल हो चुकी हैं। इसके बाद भी उनके कांग्रेस से इस्तीफा नहीं दिए जाने को लेकर तरह-तरह की चर्चा चल रही थी। इन तमाम चर्चाओं पर कांग्रेस नेता ने विराम लगा दिया है।
अदिति सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी को अपने इस्तीफे से संबंधित पत्र भेजा। इसमें उन्होंने पार्टी की प्राथमिक सदस्यता से इस्तीफा दिए जाने की बात कही है। अदिति सिंह ने कांग्रेस अध्यक्ष से अपना इस्तीफा स्वीकार करने का अनुरोध किया है। अदिति सिंह ने वर्ष 2017 में मोदी लहर के बाद भी रायबरेली सदर सीट पर कांग्रेस का हाथ मजबूत किया था। बाद में उनका झुकाव भाजपा की ओर हो गया।
अदिति सिंह ने थामा है भाजपा का हाथ
पूर्व कांग्रेसी विधायक अदिति सिंह ने पहले ही भाजपा का हाथ थाम लिया है। गांधी परिवार के गढ़ रायबरेली से आने वाली अदिति ने 24 नवंबर 2021 को भाजपा का दामन थाम लिया था। भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्रदेव सिंह ने उन्हें पार्टी की सदस्यता दिलाई थी। भाजपा प्रदेश कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्होंने भाजपा की सदस्यता ली थी।
2019 में दिखाए थे बागी तेवर
अदिति सिंह ने कांग्रेस से बागी तेवर वर्ष 2019 में दिखाए थे। संविधान दिवस के मौके पर आयोजित विधानसभा के विशेष सत्र में वे काग्रेस के व्हिप का उल्लंघन कर शामिल हुई थी। इसके बाद से वे अनेक मौकों पर भाजपा के साथ नजर आईं। अब उन्होंने विधिवत रूप से कांग्रेस को अलविदा कह दिया है। उनका पार्टी छोड़ना कांग्रेस और गांधी परिवार के लिए बड़ा झटका माना जा रहा है।