ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर में भीड़ प्रबंधन पर एडीजी ने किया मंथन

NATIONAL POLITICS REGIONAL RELIGION/ CULTURE

वृंदावन में यातायात व्यवस्था को सुधारे के लिए की अधिकारियों के साथ बैठक

मथुरा। एडीजी ने श्रीकृष्ण जन्माष्टमी से पूर्व वृंदावन के ठाकुर बांकेबिहारी मंदिर भी प्रबंधन और वृंदावन में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त बनाने पर मंथन किया। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व से पहले धार्मिक नगरी की यातायात व्यवस्था को पटरी पर लाने के लिए मंथन का दौर चला। नवागत अपर पुलिस महानिदेशक अनुपम कुलश्रेष्ठ ने वृंदावन के विभिन्न वर्गो से जुड़े लोगों के साथ अलग अलग बिंदुओं पर राय मशविरा किया।

नवागत एडीजी ने दस दिन के अंदर व्यवस्था में सुधार का भरोसा दिलाया है। शहर की यातायात व्यवस्था लगातार बिगड़ती जा रही है। शासन से प्रशासन तक भीड़ नियंत्रण और ट्रैफिक सिस्टम को लेकर कई बार बैठकों के दौर चलते रहे हैं, लेकिन ठोस कार्य योजना अभी तक धरातल पर नजर नहीं आई है। श्री कृष्ण जन्माष्टमी पर्व से पहले एक बार फिर प्रशासन ने सार्थक प्रयास की शुरुआत की है।

नवागत एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ और पुलिस महानिरीक्षक दीपक कुमार ने अधीनस्थ अधिकारियों के साथ टूरिस्ट फैसिलिटी सेंटर में श्री बांके बिहारी मंदिर के प्रबंधन, सेवायत गोस्वामी, व्यापारी और स्वयंसेवी संस्थाओं से जुड़े लोगों से अलग अलग बिंदुओं पर मंथन किया। इस दौरान खासतौर पर ई रिक्शा की संख्या बढ़ने से पैदा हुई जाम की समस्या पर लोगों ने अपनी शिकायत दर्ज कराई।

इसके अलावा पार्किंग की संख्या बढ़ाने, स्थानीय वाहनों के प्रवेश समेत अन्य कई बिंदुओं पर चर्चा की गई। एडीजी अनुपम कुलश्रेष्ठ ने कहा कि मथुरा वृंदावन का भ्रमण किया है। सुरक्षा व्यवस्था, भीड नियंत्रण, व्यवस्था और मंदिर में श्रद्धालुओं के दर्शन की जो व्यवस्था है उसकी पूरी समीक्षा की गई है। यहां पर जो भी गुसाईं हैं, जो भी व्यापारी वर्ग है उनसे वार्ता हुई।

कई सुझाव आए हैं, मुख्य मुद्दा यहां यातायात नियंत्रण का है। सुझावों पर अमल किया जाएगा। आम जनमानस से भी सहयोग की अपील की गई है। हमारे जितने भी दर्शनार्थी हैं उन्हें सुगम दर्शन और सुगम यातायात मिले यही प्रयास किये जा रहे हैं। आने वाले दिनों में चीजें बेहतर होंगी। हरियाली तीज पर अच्छी व्यवस्था हुई। श्रद्धालुओं को सुगम दर्शन मिले। हम व्यवस्था में लगातार सुधार करते रहेंगे। हम इस बात के लिए कटिबद्ध हैं कि एक अच्छी व्यवस्था कायम कर सकें। जो सुझाव मिले हैं उन पर परीक्षण किया जाएगा।