आगरा: जनपद आगरा में नियमित टीकाकरण कार्यक्रम के तहत 16 से 27 फरवरी तक खसरा-रूबेला उन्मूलन हेतु विशेष एम.आर. टीकाकरण अभियान संचालित किया जाएगा। इस संदर्भ में मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय सभागार में गुरुवार को बैठक आयोजित की गई।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अरुण श्रीवास्तव ने बताया कि बैठक में देहात एवं नगरीय क्षेत्र के अधिकारियों-कर्मचारियों को अभियान की रूपरेखा, सत्र नियोजन तथा यू-विन पोर्टल पर सत्र योजना एवं उपलब्धि प्रविष्टि की विस्तृत जानकारी दी गई। बेसिक शिक्षा विभाग, अल्पसंख्यक कल्याण विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग ने अपने कार्मिकों को प्रशिक्षित कर लिया है, जबकि नगर विकास विभाग संसाधनों से व्यापक प्रचार-प्रसार सुनिश्चित करेगा। समस्त प्राथमिक शासकीय एवं गैर-शासकीय विद्यालय अभियान के दायरे में होंगे।
सीएमओ ने बताया कि खसरा एक अत्यंत संक्रामक वायरल रोग है, जो तेज बुखार, दाने, निमोनिया, डायरिया, कुपोषण तथा गंभीर मामलों में मृत्यु का कारण बन सकता है। वहीं, रूबेला गर्भवती महिलाओं में संक्रमण होने पर भ्रूण में जन्मजात विकृतियां जैसे हृदय दोष, दृष्टि एवं श्रवण संबंधी विकार उत्पन्न कर सकती है। एम.आर. टीका इन दोनों बीमारियों से पूर्णतः सुरक्षित एवं प्रभावी संरक्षण प्रदान करता है, जो गुणवत्ता परीक्षण से प्रमाणित तथा निःशुल्क उपलब्ध होगा।
जिला प्रतिक्षण अधिकारी डॉ. उपेंद्र ने बताया कि अभियान का मुख्य उद्देश्य दिसंबर 2026 तक खसरा एवं रूबेला के राष्ट्रीय उन्मूलन लक्ष्य को प्राप्त करना, 100% लक्षित बच्चों का टीकाकरण सुनिश्चित करना तथा विद्यालय आधारित सत्रों से अधिकतम कवरेज हासिल करना है। लक्षित समूह में जनपद के सभी निजी, सरकारी एवं मदरसा विद्यालयों में कक्षा 1 से 5 तक के बच्चे शामिल हैं। आवश्यकतानुसार छूटे हुए बच्चों को भी कवर किया जाएगा।
- ‘चोली के पीछे क्या है गाने पर मार-मार कर नचवाया’, प्रेस कॉन्फ्रेंस में छलक उठा सपा नेताओं का दर्द; इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मी लाइन हाजिर - August 22, 2026
- सीएम योगी के बयान पर अखिलेश यादव का तीखा पलटवार: बोले- ‘एकरंगी क्या जानें पीडीए के बहुरंग, जितनी पीड़ा बढ़ेगी, उतना मजबूत होगा पीडीए’ - August 22, 2026
- अखिलेश यादव के ‘चवन्नी से रुपया’ वाले बयान पर गरमाई यूपी की सियासत: जयंत चौधरी, केशव मौर्य और मायावती ने बोला तीखा हमला - August 22, 2026