पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान

पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बने आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान

POLITICS


आम आदमी पार्टी के नेता भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के मुख्यमंत्री के तौर पर शपथ ली। भगवंत मान पंजाब के 17वें मुख्यमंत्री बन गए। उनका शपथ ग्रहण समारोह शहीद भगत सिंह के गांवत खटकड़ कलां में भव्‍य तरीके से हुआ। शपथ ग्रहण समारोह में दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के अन्य नेता शामिल रहे। हालिया नतीजों में पंजाब विधानसभा की 117 सीटों में से आप ने 92 सीटों पर जीत दर्ज की है। भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह में तीन लाख से अधिक लोग शामिल होने का दावा क‍िया गया है।
भगवंत मान ने बुधवार को पंजाब के सबसे युवा मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली। पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने अपने संबोध‍न में कहा क‍ि यहां आने की एक खास वजह है। पहले शपथ ग्रहण राजमहलों में होते थे। अब शपथ ग्रहण समारोह शहीदों के गांव आया है। जिन्होंने हमें ये देश दिया उन्हें याद तो करें, केवल 23 मार्च और 28 सितंबर को थोड़ी याद करना है। वे हमारे दिल में बसे हैं। हमें यहां रहकर अपना देश ठीक करना है
खटकर कलां में पंजाब के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद भगवंत मान ने कहा क‍ि हमें यहां रहकर अपना देश ठीक करना है। दूसरे देशों में हमें धक्के नहीं खाने। यहीं रहकर काम करेंगे। खेती, रोज़गार, व्यापार, स्कूल, अस्पताल कहानी बहुत उलझी पड़ी है। आप लोगों के साथ मिलकर इसे सुलझाना है।
दिल्‍ली जैसे पंजाब में बनेंगे स्कूल और अस्पताल: मान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने कहा क‍ि जैसे दिल्ली में लोग विदेशों से स्कूल देखने आते हैं, मोहल्ला क्लीनिक देखने आते हैं वैसे ही हम पंजाब में स्कूल और अस्पताल ऐसे बनाएंगे कि विदेशों से लोग यहां स्कूल और अस्पताल देखने आएंगे।
पार्टी आम लेकिन विचार खास: गुरदास मान
भगवंत मान के शपथ ग्रहण समारोह के लिए शहीद भगत स‍िंह के खटकर कलां गांव में भारी भीड़ जुटी। समारोह में पहुंचे पंजाबी गायक गुरदास मान ने कहा कि ‘जो नई सरकार आम आदमी पार्टी की बनी है, उसमें लगता भी है कि सभी आम आदमी हैं। पार्टी आम है परन्तु विचार खास हैं। पंजाब खुशहाल हो, सुख शांति हो।’
मान की शपथ से पहले VIP कल्चर पर वार
भगवंत मान के शपथ ग्रहण से पहले ही VIP संस्कृति के खिलाफ बड़ा कदम उठाया गया है। राज्य के डीजीपी ने 122 पूर्व विधायकों और मंत्रियों की सुरक्षा वापस लेने का आदेश जारी किया है। जिन लोगों की सुरक्षा छिनी है, उनमें पंजाब कांग्रेस के प्रमुख नवजोत सिंह सिद्धू की पत्नी नवजोत कौर, पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता मनप्रीत सिंह बादल और परगट सिंह भी हैं।
द‍िल्‍ली के बाद पंजाब में बनी AAP की सरकार
पंजाब में आम आदमी पार्टी की स्पष्ट बहुमत के साथ सरकार बनी है। पार्टी को 117 में से 92 विधानसभा सीटों पर जीत मिली है। दिल्ली के बाद पंजाब दूसरा ऐसा राज्य होगा जहां आम आदमी पार्टी की सरकार बनी है। वहीं गोवा विधानसभा चुनाव में भी पार्टी ने खाता खोला है और 2 सीटों पर फतह हासिल की। अब AAP की नजर इस साल के आखिर में दो राज्यों में होने वाले विधानसभा चुनाव पर है जहां अच्छे प्रदर्शन के बाद उसे नेशनल पार्टी का दर्जा मिल सकता है।
-एजेंसियां