कुशीनगर। यूपी के कुशीनगर (Kushinagar) के रामकोला नगर पंचायत (Ramkola Nagar Panchayat) से दिल दहला देने वाली घटना सामने आयी हैं। यहां पर उर्दहा वार्ड (Urdha ward) नंबर दो बापूनगर (Bapunagar) में एक झोपड़ी में आग लगने से एक ही परिवार के 6 सदस्यों की झुलसने से मौत हो गयी। मरने वालों में 5 बच्चे और एक महिला शामिल है। घटना की जानकारी मिलने पर मौके पर पहुंची पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
थाना क्षेत्र उर्दहा गांव के निवासी सरयू खटीक के बेटे नवमी अपने परिवार साथ रहते थे। उनकी झोपड़ी (Hut) में देर रात करीब 12.30 बजे संदिग्ध परिस्थितियों में आग लग गयी, जिसमें नवमी के 5 बच्चे और उसकी पत्नी संगीता की जलकर मौत हो गयी। घटना के वक्त वह झोपड़ी में नहीं था। इसलिए वह बच गया।
नवमी ने बताया कि पिछले तीन दिनों से उसका पत्नी संगीता के साथ विवाद चल रहा था। बात पत्नी के मायके वालों को पता चली तो उन्होंने उसे मायके भेजने के लिए कहा था, लेकिन उसने भेजने से मना कर दिया। इस वजह से घटना वाले दिन संगीता ने खाना नहीं बनाया, तो उसने बच्चों को दिन का खाना खिलाया और अपने साथ झोपड़ी के पास पेड़ के नीचे बच्चों के साथ सो गया। इसके बाद उसकी पत्नी आयी रात 12 बजे करीब बच्चों को जगाकर अपने साथ झोपड़ी में ले गयी।
करीब आधे घंटे के बाद बच्चों के चिल्लाने की आवाज सुनाई पड़ी और झोपड़ी से आग की लपटें निकल रही थी। नवमी भागकर झोपड़ी के पास पहुंचा, लेकिन बांस का दरवाजा बंद होने के कारण वह उन्हे बचा नहीं सका। वहीं, शोर सुनकर आस-पास के लोग बचाव के लिए दौड़े और फायरब्रिगेड को फोन किया गया, लेकिन तब तक आग विकराल रूप ले चुकी थी। जब तक आग पर काबू पाया गया, तब तक संगीता और पांचों बच्चों की मौत हो चुकी थी। आग के चलते गैस सिलेन्डर के ब्लास्ट होने की बात कही जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर एसपी और डीएम भी गांव पहुंचकर पूछताछ की। डीएम रमेश रंजन ने बताया कि झोपड़ी में आग लगने से एक महिला और उसके पांच बच्चों की मौत हुई है। आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है।
- बसपा में बड़ा सियासी घटनाक्रम: आकाश आनंद के ससुर अशोक सिद्धार्थ ने राजनीति से लिया संन्यास, मायावती ने इसे बताया ‘देर से उठाया गया सही कदम’ - September 10, 2026
- रायबरेली में दिशा समिति की बैठक में छाए रहे राहुल गांधी: बदहाल सड़कों की तस्वीरें दिखाकर अधिकारियों और योगी सरकार के मंत्रियों को किया हैरान - September 9, 2026
- आगरा में 12-13 सितंबर को दो दिवसीय ‘गीता सेमिनार’ का आयोजन, आमंत्रण पत्र का हुआ विमोचन, युवाओं के लिए खास संदेश - September 9, 2026