आगरा में स्ट्रीट फूड वेंडर्स की बड़ी क्लास: केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने दिलाई स्वच्छता की शपथ, 1000 वेंडर्स हुए प्रशिक्षित

स्थानीय समाचार

​आगरा: ताजनगरी के जायके को सुरक्षित और सेहतमंद बनाने के लिए भारत सरकार के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के निर्देश पर एक बड़ी पहल की गई। संजय पैलेस स्थित सूरसदन प्रेक्षागृह में भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) द्वारा स्ट्रीट फूड विक्रेताओं हेतु एक भव्य प्रशिक्षण एवं जागरूकता कार्यशाला आयोजित की गई।

मानकों पर खरा उतरेगा आगरा का स्वाद

कार्यशाला का शुभारंभ मुख्य अतिथि केंद्रीय राज्य मंत्री प्रो. एस. पी. सिंह बघेल और विधायक पुरुषोत्तम खंडेलवाल ने दीप प्रज्ज्वलित कर किया। कार्यशाला में आगरा जनपद के 1000 से अधिक रेहड़ी-पटरी संचालकों ने हिस्सा लिया। उन्हें प्रशिक्षित किया गया कि कैसे स्वच्छता के मानकों का पालन करते हुए मिलावट रहित और उच्च गुणवत्ता युक्त भोजन परोसा जाए।

​वेंडर्स ने ली ईमानदारी और गुणवत्ता की शपथ

केंद्रीय मंत्री एसपी सिंह बघेल ने सभी विक्रेताओं को ग्राहकों के साथ सौम्य व्यवहार रखने और शुद्धता के साथ काम करने की शपथ दिलाई। मंत्री जी ने सफल प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले वेंडर्स को प्रमाण पत्र भी प्रदान किए।

FSSAI के संयुक्त निदेशक अंकेश्वर मिश्रा और नगर मजिस्ट्रेट वेद सिंह चौहान सहित खाद्य विभाग के वरिष्ठ अधिकारी इस दौरान मौजूद रहे। विशेषज्ञों का मानना है कि इस ट्रेनिंग से ‘स्वस्थ भारत, सुरक्षित आहार’ के संकल्प को मजबूती मिलेगी और स्ट्रीट फूड वेंडर्स की आजीविका भी सशक्त होगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh