आगरा: शहर के नामचीन ‘ताज रॉयल होटल’ में चल रहे एक अवैध जुए के अड्डे का थाना बसई जगनेर पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। उच्चाधिकारियों से प्राप्त अनुमति के बाद पुलिस ने होटल के कमरा नंबर 302 पर औचक छापेमारी की, जहाँ सात लोग जुए की बाजी लगाते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किए गए। इस कार्रवाई से होटल संचालकों और जुआरियों में हड़कंप मच गया है।
नकदी और सामान बरामद
पुलिस टीम ने मौके से ताश के पत्तों के साथ लगभग 1.5 लाख रुपये नकद बरामद किए हैं। साथ ही, घटनास्थल पर मौजूद कई वाहनों को भी पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। गिरफ्तार किए गए आरोपियों में गौरव, सुशील उर्फ सोनू, अजीत कुमार, ब्रह्मस्वरूप, केशव सिंह, शिवम और शाहिद नगर निवासी बशीर खान शामिल हैं। पुलिस ने सभी के खिलाफ जुआ अधिनियम (Gambling Act) के तहत मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्यवाही शुरू कर दी है।
चर्चा का केंद्र बना हिस्ट्रीशीटर बशीर खान
गिरफ्तार आरोपियों में बशीर खान की संलिप्तता सबसे अधिक चर्चा का विषय बनी हुई है। सूत्रों के अनुसार, बशीर का पुराना आपराधिक इतिहास रहा है और वह पूर्व में जीआरपी के चर्चित लूट प्रकरण में भी जेल की हवा खा चुका है। पुलिस उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वह वर्तमान में किन-किन गतिविधियों में सक्रिय था।
होटल प्रबंधन की भूमिका भी जांच के दायरे में
इस घटना ने शहर के होटल व्यवसायियों की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस अब इस पहलू पर भी गंभीरता से जांच कर रही है कि क्या होटल प्रबंधन को कमरे में चल रही इन अवैध गतिविधियों की भनक थी? यदि होटल की मिलीभगत पाई जाती है, तो पुलिस प्रबंधन के खिलाफ भी सख्त कदम उठा सकती है। फिलहाल पुलिस की इस कार्रवाई से जुआरियों में खौफ का माहौल है।
- टीबी मुक्त आगरा के संकल्प को मिलेगी रफ्तार: UNM फाउंडेशन के सहयोग से 50 मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली - October 30, 2026
- टीबी मुक्त आगरा के संकल्प को मिलेगी रफ्तार: UNM फाउंडेशन के सहयोग से 50 मरीजों को बांटी गई पोषण पोटली - October 30, 2026
- ”मेजा बदलेगा तो प्रयागराज बदलेगा”: संजय भूषण कुशवाहा ने सिरसा से उरुवा तक गांवों में किया दौरा, किसानों-युवाओं से किया सीधा संवाद - October 30, 2026