आगरा में 9 साल पहले हुई महिला की हत्या और लूटपाट की वारदात के दो दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई गई। दोषियों ने महिला के पालतू कुत्ते की भी जान ले ली थी। खास बात यह है कि कुत्ते के हमले से चोट के निशान और तोते की गवाही से पुलिस हत्यारों तक पहुंची थी। महिला की हत्या करने वाला एक दोषी महिला का भांजा है।
घटना 21 फरवरी 2014 की है। आगरा के एक अखबार के संपादक विजय शर्मा परिवार के साथ शादी समारोह में फिरोजाबाद में गए थे। उनकी पत्नी नीलम घर पर अकेली थीं। रात में बदमाशों ने घर में घुसकर उनकी हत्या कर दी और गहने-नकदी लूटकर फरार हो गए। तब पुलिस ने अज्ञात के खिलाफ हत्या का केस दर्ज किया था।

विजय शर्मा के घर में एक पालतू तोता था। घटना के बाद से तोता उदास रहने लगा। घर वालों को शक हुआ, तो उन्होंने तोते के सामने कई लोगों का नाम लेना शुरू किया। जैसे ही उन्होंने विजय शर्मा के रिश्ते के भांजे आशुतोष गोस्वामी उर्फ आशु का नाम लिया, तो तोता जोर-जोर से चिल्लाने लगा। उन्होंने पुलिस को इसकी जानकारी दी थी।
पुलिस ने आशु को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। जांच में पुलिस को आशु के शरीर पर कुत्ते के काटने और चोट लगने के निशान मिले। जब उससे सख्ती से पूछताछ की गई, तो उसने अपने दोस्त रोनी मेस्सी के साथ मिलकर नीलम शर्मा की हत्या की बात कबूल कर ली।
वकील ने बताया जिस आशुतोष गोस्वामी को नीलम अपने बेटे की तरह मानती थीं। उसी ने उनकी हत्या कर दी। नीलम का सिर्फ एक बेटा था। वह मानसिक विक्षिप्त था। आरोपी आशुतोष की कुछ गलत आदतों को देखकर उसके घर आने पर रोक लगा दी गई थी, जिस कारण वह नाराज चल रहा था और नीलम की हत्या कर दी।
- मेरठ के चर्चित ‘नीला ड्रम’ हत्याकांड में मुस्कान और साहिल दोषी करार, 14 अक्टूबर को सुनाई जाएगी सजा - September 30, 2026
- आगरा नगर निगम में आउटसोर्सिंग सफाई मित्रों को मिले ईएसआई कार्ड: नगर आयुक्त संतोष कुमार वैश्य ने बांटे कार्ड, संघ ने की समय पर दस्तावेज जमा करने की अपील - September 30, 2026
- आगरा में मुनि श्री समत्व सागर जी महाराज ससंघ ने किया ताजमहल का दीदार: वास्तुशिल्प की सराहना की, जैन समाज ने किया स्वागत - September 30, 2026