आगरा। फतेहपुरसीकरी लोकसभा सीट से भाजपा सांसद राजकुमार चाहर ने अपने बेटों की शादी में पूरे जिले को निमंत्रण भेजा है। गांव-गांव में लाउडस्पीकर से न्योता दिया जा रहा है। संसदीय क्षेत्र के हर गांव में न्योता देने के लिए गाड़ियां जा रही हैं। इसके अलावा सांसद ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट्स पर तिलक समारोह का कार्ड पोस्ट कर सबको “चूल का न्योता” दिया है।
सांसद राजकुमार चाहर भाजपा किसान मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष भी हैं। उनके दो बेटे शूरवीर और करमवीर की शादी होनी है। करमवीर की शादी 25 नवंबर की है, तो शूरवीर की शादी सात दिसंबर को है। दोनों की बारात दिल्ली जाएगी। मगर, दोनों की सगाई (तिलक) का कार्यक्रम एक साथ कल 19 नवंबर को है। यह कार्यक्रम रफी अहमद किदवई इंटर कॉलेज कागारौल में होना है।
सांसद ने बताया कि सुबह 10 बजे से प्रीतिभोज का कार्यक्रम शुरू हो जाएगा। तिलक समारोह में करीब दो लाख लोगों के आने की उम्मीद है। इसके अनुसार ही खाने का व्यवस्था की गई है। कई दिनों से हलवाई लग गए हैं। करीब 500 से ज्यादा लोग खाने बनाने की व्यवस्था में लगे हैं। दिन-रात काम चल रहा है। वहीं, कॉलेज के मैदान में एक विशाल मंच बनाया गया है। इस पर एक साथ करीब 500 लोगों के बैठने की व्यवस्था है।
तिलक समारोह के लिए सांसद की ओर से फतेहपुरसीकरी संसदीय क्षेत्र की पूरी जनता को आमंत्रित किया गया है।
सांसद राजकुमार ने चाहर ने बताया कि उनके क्षेत्र की जनता और कार्यकर्ता उनके परिवार की तरह है। ऐसे में तिलक कार्यक्रम में सबको आमंत्रित किया है। घर-घर जाकर व्यक्तिगत रूप से सबको निमंत्रण देना थोड़ा मुश्किल था। इसलिए सम्मानित जनता और कार्यकर्ताओं को निमंत्रण के लिए सोशल मीडिया और दूसरे तरीके अपनाए गए हैं।
सांसद ने बताया कि तिलक कार्यक्रम में सभी को चूल का न्योता दिया गया है। निमंत्रण देने का काम कई दिन से चल रहा है। इसके लिए कई गाड़ियां लगाई गई हैं। इन पर लाउडस्पीकर लगाए गए हैं। ये गाड़ियां गांव-गांव जाकर सांसद की ओर से न्योता दे रही हैं। इसके अलावा सांसद के फेसबुक अकाउंट पर भी कार्ड डालकर आगरा के सभी लोगों को निमंत्रण दिया गया है।
तिलक कार्यक्रम फतेहपुर सीकरी संसदीय क्षेत्रों के गांवों में चर्चा का विषय बना हुआ है। कागारौल गांव में कार्यक्रम स्थल पर शुक्रवार को कार्यक्रम की तैयारी चल रही हैं। कार्यकर्ताओं को व्यवस्था संभालने की जिम्मेदारी दी गई है।
- Samartha Fertility and IVF Launches Affordable Mass IVF Program at Just Rupees 85,000 Per Cycle - June 6, 2025
- अयोध्या राम मंदिर का प्रसाद भेजने के नाम पर 3.85 करोड़ रुपए की ठगी का पुलिस ने किया खुलासा, आरोपी गिरफ्तार - June 6, 2025
- वृक्षारोपण कर आगरा के होटल व्यवसायियों ने दिया पर्यावरण संरक्षण का संदेश - June 6, 2025