पाकिस्तान के राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने प्रधानमंत्री इमरान ख़ान और नेशनल असेंबली में विपक्ष के नेता रहे शाहबाज़ शरीफ़ से कार्यवाहक प्रधानमंत्री के लिए ऐसा नाम मांगा है, जिस पर सहमति हो. रेडियो पाकिस्तान के मुताबिक़ राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने इमरान ख़ान और शाहबाज़ शरीफ़ को पत्र लिखा है. राष्ट्रपति अल्वी इमरान ख़ान और शाहबाज़ शरीफ़ की सलाह से कार्यवाहक प्रधानमंत्री की नियुक्ति करेंगे.
पत्र में ये भी लिखा गया है कि संसद भंग होने के तीन दिनों के अंदर अगर पीएम और विपक्ष के नेता में किसी नाम पर सहमति नहीं होती, तो वे दो लोगों के नाम एक संसदीय समिति के पास भेजेंगे. इस समिति में आठ सदस्य होंगे, जिनमें सत्ता और विपक्ष के बराबर-बराबर सदस्य होंगे. ये समिति कार्यवाहक पीएम का नाम तय करेगी.
राष्ट्रपति के आदेश के अनुसार जब तक कार्यवाहक पीएम की नियुक्ति नहीं हो जाती, इमरान ख़ान प्रधानमंत्री के पद पर बने रहेंगे. रविवार को पीएम इमरान ख़ान की सलाह पर राष्ट्रपति आरिफ़ अल्वी ने नेशनल असेंबली को भंग कर दिया था. इससे पहले नेशनल असेंबली में विपक्ष के अविश्वास प्रस्ताव को डिप्टी स्पीकर ने संविधान के अनुच्छेद पाँच का हवाला देते हुए ख़ारिज कर दिया था. अब ये मामला सुप्रीम कोर्ट के पास विचाराधीन है.
-एजेंसियां
- सम्मान समारोह और डांडिया रास के साथ हुआ 139वें माथुर वैश्य जयंती महोत्सव का भव्य समापन: पंचकुइयां महासभा भवन में उमड़ा समाजबंधुओं का सैलाब - October 26, 2026
- गोवर्धन में सजेगा श्री गिरिराज जी का दिव्य दरबार: 27-28 दिसंबर को गुरु कार्ष्णि आश्रम में छप्पन भोग महोत्सव का भव्य आयोजन - October 26, 2026
- ज़ाइडस पिंकाथॉन 12 शहरों तक पहुंचा, लक्ष्य 52 शहरों में विस्तार - October 26, 2026