​सपा-कांग्रेस में सीट बंटवारे की खींचतान पर बीजेपी अध्यक्ष पंकज चौधरी का वार: बोले— ‘कांग्रेस को अपमान का घूंट पीने की आदत पड़ गई है’

POLITICS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच सीट बंटवारे पर बातचीत जारी है। सीट शेयरिंग को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच सपा ने अपने उम्मीदवारों के नामों का ऐलान कर दिया है और अब घोषणापत्र भी जारी करने जा रही है। इसी घटनाक्रम को लेकर उत्तर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष पंकज चौधरी ने सपा और कांग्रेस दोनों पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने सवाल उठाया कि क्या प्रदेश से कांग्रेस का वजूद समाप्त हो गया है या फिर उसका आत्मसम्मान ही नहीं बचा है?

​पंकज चौधरी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट करते हुए लिखा, “खैर, सपा तो अहंकारी है, कांग्रेस की क्या लाचारी है? कांग्रेस को अपमान का घूंट पीने की आदत पड़ गई है, तभी तो एक तरफ वार्ता चल रही है और दूसरी तरफ टिकट वितरण हो रहा है और तो और सपाई अकेले ही घोषणापत्र भी जारी कर रहे हैं। क्या उत्तर प्रदेश से कांग्रेस का वजूद खत्म हो गया है या उसका आत्मसम्मान नहीं बचा है? कांग्रेस की ऐसी क्या मजबूरी है कि अकेले चुनाव लड़ने से डर रही है या तो उसे पता है कि हर सीट पर जमानत जब्त होगी या सपा से अलग होने का साहस नहीं है।” उन्होंने अपनी पोस्ट के साथ #कारनामे_बोलते_हैं भी लिखा।

​गौरतलब है कि उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव के मद्देनजर सपा और कांग्रेस के बीच सीट शेयरिंग को लेकर पेच फंसा हुआ है। सपा की ओर से कांग्रेस को प्रदेश में 26 सीटों का प्रस्ताव दिया जा रहा है, जबकि कांग्रेस 100 से अधिक सीटों की मांग कर रही है। ऐसे में अब यह देखना अहम होगा कि सीट बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच क्या फैसला होता है।

Dr. Bhanu Pratap Singh