UP Election 2027: सपा के ‘अलग’ घोषणा पत्र पर बिफरी कांग्रेस, इमरान मसूद बोले- ‘गठबंधन में संयुक्त निर्णय होते हैं, यहाँ कुछ और ही चल रहा’

POLITICS

लखनऊ: उत्तर प्रदेश में 2027 के विधानसभा चुनावों से पहले समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस के गठबंधन में दूरियाँ लगातार बढ़ती दिख रही हैं। सपा द्वारा अपना अलग चुनावी घोषणा पत्र जारी करने के निर्णय पर गठबंधन के भविष्य को लेकर गंभीर सवाल उठने लगे हैं। सीट बंटवारे पर चल रही खींचतान के बीच सपा के इस कदम पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी (UPCC) के कार्यकारी अध्यक्ष और सांसद इमरान मसूद ने तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि एक परिपक्व गठबंधन में सभी नीतिगत फैसले साझा तौर पर लिए जाते हैं, लेकिन यहाँ की स्थिति पूरी तरह उल्टी नजर आ रही है।

दरअसल, समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव लखनऊ स्थित सेंट्रम होटल में दोपहर 3:30 बजे एक कार्यक्रम के दौरान विधानसभा चुनाव के लिए पार्टी का औपचारिक घोषणा पत्र जारी करेंगे। सपा ने इस घोषणा पत्र को ‘जन-मन घोषणापत्र’ नाम दिया है और इसका मुख्य नारा ‘सत्ताइस का संकल्प: PDA का प्रणपत्र’ रखा गया है। इस दस्तावेज में मुख्य रूप से महिलाओं, युवाओं, पिछड़ों (OBC), दलितों और अल्पसंख्यकों के अधिकारों तथा विकास पर ध्यान केंद्रित किया गया है।

जानकारी के मुताबिक, सपा ने राज्यस्तरीय घोषणा पत्र के साथ-साथ लखनऊ और अन्य जिलों के लिए भी स्थानीय घोषणा पत्र तैयार करने की योजना बनाई है। ध्यान देने वाली बात यह है कि इस हाई-प्रोफाइल कार्यक्रम के लिए कांग्रेस के किसी भी शीर्ष नेता या प्रतिनिधि को न्योता तक नहीं भेजा गया है।

​’गठबंधन में तो संयुक्त वार्ता होती है, यहाँ अलग ही कहानी है’ — इमरान मसूद

सपा के इस एकतरफा कदम पर सवाल उठाए जाने पर कि जिन जिलों में कांग्रेस के प्रत्याशी चुनाव लड़ेंगे, वहाँ का घोषणा पत्र सपा अकेले कैसे जारी कर सकती है—कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने तंज कसते हुए अपनी बात रखी।

इमरान मसूद ने कहा, “समाजवादी पार्टी के अपने फैसलों पर मेरा कोई भी टिप्पणी करना उचित नहीं है। लेकिन आम तौर पर गठबंधन का वास्तविक अर्थ यही होता है कि दोनों दल मिलकर संयुक्त प्रेस कॉन्फ्रेंस करते हैं और घोषणाओं से लेकर नीतियों तक हर बात साझा होती है। गठबंधन की मर्यादा और व्यवस्था यही कहती है, परंतु यहाँ कुछ और ही देखने को मिल रहा है तो इसके पीछे क्या वजह है, यह मुझे नहीं पता…”

​’107 सीटों से कम पर समझौते का कोई मतलब नहीं’

सीट शेयरिंग के अहम मुद्दे पर कांग्रेस का पक्ष मजबूती से रखते हुए इमरान मसूद ने सीटों की संख्या भी स्पष्ट कर दी। उन्होंने अतीत का हवाला देते हुए कहा, “…जब अखिलेश यादव प्रदेश के मुख्यमंत्री थे, उस वक्त भी कांग्रेस ने 107 सीटों पर विधानसभा चुनाव लड़ा था। अब तो राज्य में हमारी पूर्ण सरकार बनने जा रही है, ऐसे में 107 से कम सीटों पर चुनाव लड़ने का कोई अर्थ ही नहीं रह जाता है।”

Dr. Bhanu Pratap Singh