आगरा। ताजनगरी आगरा के कमला नगर स्थित डी-ब्लॉक के श्री महावीर दिगंबर जैन मंदिर में अष्टानिका महापर्व के पावन अवसर पर आयोजित नौ दिवसीय विश्व शांति महायज्ञ एवं श्री सिद्धचक्र महामंडल विधान के आठवें दिन मंगलवार को भक्ति, श्रद्धा और आध्यात्मिक उल्लास का अद्भुत संगम देखने को मिला। पीएनसी परिवार, आगरा द्वारा राज्यसभा सांसद श्री नवीन जैन के नेतृत्व में संपन्न कराए गए इस धार्मिक अनुष्ठान में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भगवान आदिनाथ की आराधना करते हुए विशाल विधान मंडल पर 1024 अर्घ्य समर्पित किए। इस विशेष आयोजन के माध्यम से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और राष्ट्रसेवा के लिए उन्हें निरंतर शक्ति, ऊर्जा व सामर्थ्य प्राप्त होने की मंगलकामना की गई, साथ ही देश और विश्व में सुख-शांति, समृद्धि तथा सद्भावना के लिए प्रार्थना की गई।
अभिषेक, शांतिधारा और 1024 अर्घ्यों के साथ हुई आराधना
प्रातःकाल श्रमण मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज, मुनि श्री शीलसागर जी महाराज एवं मुनि श्री सुप्रभात सागर जी महाराज के ससंघ मंगल सान्निध्य में भगवान श्री आदिनाथ का अभिषेक एवं विशेष शांतिधारा संपन्न हुई। प्रतिष्ठाचार्य डॉ. अभिषेक जैन एवं डॉ. आकाश जैन के निर्देशन में वैदिक व आगम मंत्रोच्चार के साथ धार्मिक क्रियाएं विधि-विधान से पूरी कराई गईं। इस अवसर पर पीएनसी परिवार के मुखिया प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन एवं योगेश जैन ने भगवान की प्रतिमाओं का अभिषेक और शांतिधारा की। इसके उपरांत श्रद्धालुओं ने अष्टद्रव्य से पूजन कर विशाल सिद्धचक्र महामंडल पर श्रद्धापूर्वक 1024 अर्घ्य अर्पित किए।
सौधर्म इंद्र-इंद्राणी बने सांसद नवीन जैन व रेनू जैन, किया पाद प्रक्षालन
विधान की धार्मिक क्रियाओं के अंतर्गत राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने अपनी धर्मपत्नी श्रीमती रेनू जैन के साथ सौधर्म इंद्र एवं इंद्राणी के रूप में सहभागिता निभाई। उन्होंने परिवार के अन्य सदस्यों के साथ भगवान के समक्ष अर्घ्य समर्पित कर विश्व कल्याण की कामना की। इसी क्रम में सांसद नवीन जैन ने सपरिवार मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज के पावन चरणों का प्रक्षालन किया और शास्त्र भेंट कर उनका मंगल आशीर्वाद प्राप्त किया।
विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने किए दर्शन, अवधपुरी पंचकल्याणक पत्रिका का विमोचन
कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश सरकार के पूर्व राज्यमंत्री एवं आगरा छावनी विधानसभा क्षेत्र से विधायक डॉ. जी.एस. धर्मेश ने भी विशेष रूप से उपस्थित होकर मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज सहित ससंघ विराजमान मुनिराजों के दर्शन किए और उनके पावन चरणों में श्रद्धा निवेदित कर आशीर्वाद लिया। उन्होंने धार्मिक अनुष्ठान की सराहना करते हुए संतों के सान्निध्य को आध्यात्मिक ऊर्जा, संस्कार और आत्मकल्याण का महत्वपूर्ण माध्यम बताया।
इस अवसर पर आगामी 14 से 19 फरवरी 2027 तक श्री पद्मप्रभु जिनालय, अवधपुरी में उपाध्याय श्री विहसंतसागर जी महाराज ससंघ के मंगल सान्निध्य में आयोजित होने वाले पंचकल्याणक प्रतिष्ठा महोत्सव की आमंत्रण पत्रिका का विमोचन भी किया गया।
पद्मप्रभु जिनालय परिवार, अवधपुरी की ओर से मुनिश्री समत्वसागर जी महाराज के सान्निध्य में प्रदीप जैन पीएनसी एवं राज्यसभा सांसद नवीन जैन के करकमलों से यह आमंत्रण पत्रिका विमोचित की गई, जिस दौरान परिवार के सदस्यों ने मुनिश्री को श्रीफल अर्पित कर मंगल आशीर्वाद लिया।
’राष्ट्रसेवा के लिए पीएम मोदी को मिले निरंतर शक्ति’: नवीन जैन
अपने विचार व्यक्त करते हुए राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत निरंतर विकास और प्रगति के नए आयाम गढ़ रहा है और राष्ट्रसेवा के प्रति उनका समर्पण सभी के लिए प्रेरणास्रोत है।
उन्होंने कहा कि इस अनुष्ठान के माध्यम से प्रभु से यही प्रार्थना की जा रही है कि प्रधानमंत्री जी स्वस्थ रहें, दीर्घायु हों और उन्हें देश की सेवा के लिए निरंतर शक्ति व सामर्थ्य मिलती रहे। नवीन जैन ने आगे कहा कि जैन धर्म के अहिंसा, अपरिग्रह, संयम और विश्व बंधुत्व के सिद्धांत संपूर्ण मानवता के कल्याण का मार्ग प्रशस्त करते हैं तथा भगवान महावीर के संदेशों को अपनाकर समाज व विश्व में शांति और सद्भावना को सुदृढ़ किया जा सकता है।
’धर्म आत्मा का स्वभाव है, क्षमा से ऊपर उठें राग-द्वेष से’: मुनिश्री
मुनि श्री समत्वसागर जी महाराज ने अपने मंगल प्रवचनों में जिन धर्म की व्यापकता और उसके सार्वभौमिक स्वरूप पर प्रकाश डालते हुए कहा कि धर्म किसी व्यक्ति या तीर्थंकर द्वारा बनाया नहीं जाता, बल्कि धर्म तो आत्मा का स्वभाव है। भगवान आदिनाथ से भगवान महावीर तक सभी तीर्थंकरों ने जिन धर्म का पालन किया और उसके सिद्धांतों को जन-जन तक पहुंचाया, जो केवल जैन समाज तक सीमित न होकर संपूर्ण मानवता और प्राणी मात्र के कल्याण का मार्ग दिखाते हैं।
उत्तम क्षमा के महत्व पर जोर देते हुए मुनिश्री ने कहा कि जीवन में अनेक बार अपने ही निकट संबंधों में मतभेद और टकराव से शत्रुता का भाव पैदा हो जाता है, ऐसे में क्षमा का भाव अपनाकर राग-द्वेष से ऊपर उठा जा सकता है। उन्होंने कहा कि धर्म के सिद्धांतों को जीवन, व्यवहार, राजनीति और व्यापार सहित हर क्षेत्र में अपनाने से कर्तव्यों का संतुलित निर्वहन संभव है।
मंगल आरती, भोपाल के भजन और भक्ति नृत्य से गूंजा परिसर
सायंकाल सात बजे श्रीजी की प्रतिमाओं की भव्य संगीतमय मंगल आरती हुई, जिसमें दीपों की जगमगाहट के बीच श्रद्धालुओं ने सामूहिक रूप से आरती कर श्रद्धा अर्पित की। इसके पश्चात भोपाल से आए लोकेश जैन एंड पार्टी ने मधुर जैन भजनों की प्रस्तुतियां दीं, जिन पर पीएनसी परिवार के सदस्यों सहित महिलाओं और युवा श्रद्धालुओं ने भक्ति नृत्य किया। पूरे नौ दिवसीय आयोजन का संचालन प्रसिद्ध मंच संचालक मनोज जैन बाकलीवाल ने किया।
इस अवसर पर प्रदीप जैन पीएनसी, राज्यसभा सांसद नवीन जैन, चक्रेश जैन, योगेश जैन, जगदीश प्रसाद जैन, रोहित जैन अहिंसा, पारस जैन कांसल, अनंत कुमार जैन, यशपाल जैन, सुभाष जैन, वैभव जैन, अनिरुद्ध जैन, अभिनंदन जैन, आनंद जैन, हर्षवर्धन जैन, कार्तिकेय जैन, अनुज जैन, अभिषेक जैन, प्रतीक जैन, निर्मेश जैन, उमेश जैन, ऋषभ जैन, मीना जैन, रेनू जैन, माधवी जैन, आशिता जैन, ईशू जैन, निधि जैन, सलोनी जैन, पलक जैन, मिताक्षरा जैन, मुन्नी जैन, रश्मि जैन, उषा जैन, प्रियंका जैन, हीना जैन, अंकिता जैन और आयुषी जैन सहित पीएनसी परिवार के सदस्य, मीडिया प्रभारी राहुल जैन एवं शुभम जैन, जैन संगठनों के पदाधिकारी व बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।
- कमला नगर में सिद्धचक्र महामंडल विधान के आठवें दिन 1024 अर्घ्य अर्पित; अवधपुरी पंचकल्याणक पत्रिका का विमोचन, मुनिश्री समत्वसागर जी ने समझाया क्षमा का महत्व - November 24, 2026
- आगरा के कमला नगर में मतदाता जोड़ो अभियान: राज्यसभा सांसद नवीन जैन ने बूथ संख्या 415 पर किया घर-घर संपर्क - November 24, 2026
- आगरा में 29 नवंबर को होगा डॉ. जयसिंह ‘नीरद’ का नागरिक अभिनंदन: जुटेंगे देश-प्रदेश के साहित्यकार; ‘नरक के सींग’ उपन्यास पर होगा नाटक मंचन - November 24, 2026