हिमाचल पुलिस की आगरा में बड़ी लापरवाही: कस्टडी से फरार हआ कैदी, कुछ घंटों बाद खुद पहुंच गया कोर्ट

Crime

आगरा। ताज नगरी के मदिया कटरा स्थित एक होटल में पुलिस अभिरक्षा से एक आरोपी के आधी रात को फिल्मी अंदाज में फरार होने का सनसनीखेज मामला सामने आया है। हिमाचल प्रदेश से न्यायालय में पेशी के लिए आगरा लाया गया आरोपी सोमवार देर रात अपनी सुरक्षा में तैनात तीन पुलिसकर्मियों को चकमा देकर होटल से निकल भागा। आरोपी ने लिफ्ट के बजाय सीढ़ियों का रास्ता चुना और बड़ी चालाकी से होटल के बाहर निकल गया। हैरानी की बात यह रही कि कमरे के बाहर पहरा दे रहे तीन पुलिसकर्मियों को उसके गायब होने की भनक तक नहीं लगी। जब कमरे में आरोपी नहीं मिला, तो पुलिसकर्मियों के होश उड़ गए और महकमे में हड़कंप मच गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, आरोपी की पहचान राजवीर पुत्र प्रसादी के रूप में हुई है, जो मूल रूप से आगरा के पिनाहट थाना क्षेत्र का निवासी है। हिमाचल प्रदेश में दर्ज एक मामले के सिलसिले में हिमाचल पुलिस की टीम तीन पुलिसकर्मियों के साथ उसे मंगलवार को आगरा दीवानी न्यायालय में पेश करने के लिए लेकर आई थी। सोमवार दोपहर पुलिस टीम आरोपी को लेकर थाना हरीपर्वत क्षेत्र के मदिया कटरा स्थित एक होटल में पहुंची और उसे एक कमरे में ठहराया गया। पुलिसकर्मियों की जिम्मेदारी उसकी कड़ी निगरानी करने और मंगलवार सुबह सुरक्षित अदालत में प्रस्तुत करने की थी।

​रात 1:40 बजे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने

घटनाक्रम के मुताबिक, सोमवार और मंगलवार की दरम्यानी रात करीब 1:40 बजे राजवीर ने पुलिसकर्मियों की सतर्कता में सेंध लगाई। उसने चालाकी दिखाते हुए होटल की लिफ्ट का प्रयोग न कर सीढ़ियों का इस्तेमाल किया और नीचे उतरकर होटल परिसर से बाहर निकल गया। होटल में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने पर आरोपी के सीढ़ियों से उतरकर बाहर जाने की तस्वीरें कैद होने की बात सामने आई है। जब पहरेदारी कर रहे पुलिसकर्मियों ने कमरे की पड़ताल की, तो आरोपी नदारद मिला, जिससे हड़कंप मच गया।

आसपास की खाक छानी, सुबह दीवानी पहुंचने की सूचना से सस्पेंस गहराया

आरोपी के अचानक गायब होने के बाद तीनों पुलिसकर्मियों ने तत्काल मदिया कटरा और आसपास के क्षेत्रों में उसकी तलाश शुरू की, लेकिन उसका कोई सुराग नहीं लगा। लेकिन कुछ ही घंटों बाद सुबह जानकारी मिली कि आरोपी राजवीर स्वयं आगरा दीवानी परिसर पहुंच गया है। दीवानी से सामने आई एक तस्वीर में पुलिसकर्मी भी उसके साथ दिखाई देने की बात कही जा रही है।

सूत्रों की मानें तो आरोपी देर रात किसी निजी कार्य या मुलाकात के सिलसिले में होटल से चुपचाप निकला था। हालांकि, अभी यह आधिकारिक रूप से स्पष्ट नहीं हो सका है कि पुलिसकर्मियों ने उसे रास्ते में कहीं से वापस दबोचा या वह स्वयं अदालत परिसर पहुंचा था।

हरीपर्वत पुलिस ने जानकारी से जताया इनकार

​मामले की गंभीरता को देखते हुए जब स्थानीय थाना हरीपर्वत प्रभारी से संपर्क किया गया, तो उन्होंने बताया कि इस संबंध में थाने पर फिलहाल कोई आधिकारिक सूचना दर्ज नहीं कराई गई है। बहरहाल, दूसरे राज्य की पुलिस अभिरक्षा में तैनात तीन-तीन जवानों की मौजूदगी के बावजूद आरोपी का होटल से इतनी आसानी से निकल जाना आगरा और हिमाचल पुलिस की सुरक्षा प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट और आधिकारिक बयान का इंतजार किया जा रहा है।

Dr. Bhanu Pratap Singh