मुलायम सिंह यादव जयंती पर बोले अखिलेश यादव: ‘सपा कथा के खिलाफ नहीं, पर धीरेंद्र शास्त्री की बातों को कैसे स्वीकार करें?’

POLITICS

लखनऊ। कथावाचक धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री हाल के दिनों में खासी चर्चाओं में रहे हैं, खासकर प्रतापगढ़ में संपन्न हुई उनकी कथा के बाद से उन पर तरह-तरह की टिप्पणियां हो रही हैं। अब समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भी धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के बयानों को लेकर सवाल खड़े किए हैं। उन्होंने स्पष्ट किया कि सपा धार्मिक कथाओं के विरुद्ध नहीं है, लेकिन धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने भगवान श्रीराम और भगवान श्रीकृष्ण के संदर्भ में जो बातें कही हैं, उन्हें सहजता से कैसे स्वीकार किया जा सकता है।

दरअसल, सपा मुखिया मुलायम सिंह यादव की जयंती के अवसर पर लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इसी दौरान उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर कड़ा प्रहार किया। अखिलेश यादव ने आरोप लगाया कि भाजपा ने अपने एक आयोजन में हनुमानजी को नचा दिया था। उन्होंने सवाल दागा कि यदि हमारी पार्टी के किसी व्यक्ति ने भगवान श्रीकृष्ण या भगवान श्रीराम को लेकर ऐसी कोई टिप्पणी कर दी होती, तो किस तरह का बवाल खड़ा होता। उन्होंने कहा कि इस विषय पर सभी को गंभीरता से सोचना चाहिए।

​’रूठों को मनाएंगे और छूटे नेताओं को बुलाएंगे’: अखिलेश यादव

आगामी विधानसभा चुनाव के मद्देनजर अखिलेश यादव ने संगठन को एकजुट करने का बड़ा संदेश भी दिया। उन्होंने पुराने साथियों और नाराज नेताओं की घर वापसी के संकेत देते हुए कहा कि जो लोग पार्टी से दूर हुए या रूठे हैं, उन्हें मनाया जाएगा और छूटे हुए नेताओं को पुनः साथ जोड़ा जाएगा।

सड़क हादसों और काफिलों के मामलों को लेकर सरकार को घेरा

​संबोधन के दौरान अखिलेश यादव ने गोरखपुर की एक घटना का हवाला देते हुए प्रदेश में सड़क दुर्घटनाओं को लेकर सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। उन्होंने लखनऊ के अर्जुनगंज क्षेत्र में मुख्यमंत्री के काफिले से जुड़ी दुर्घटना का भी जिक्र किया, जिसमें तीन लोगों की जान चली गई थी।

सपा अध्यक्ष ने पूछा कि क्या ऐसे मामलों में मुख्यमंत्री पर मुकदमा दर्ज नहीं होना चाहिए था। उन्होंने भाजपा के मंत्रियों व नेताओं के काफिलों से जुड़े हादसों का विवरण पेश करते हुए दावा किया कि बीते एक वर्ष के भीतर देश में सड़क हादसों से होने वाली मौतों में 80 फीसदी तक इजाफा हुआ है।

​सत्ता में आने पर यश भारती सम्मान की राशि बढ़ाकर होगी एक लाख

​कार्यक्रम के अंत में अखिलेश यादव ने एक बड़ी घोषणा करते हुए कहा कि प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर ‘यश भारती’ पुरस्कार की सम्मान राशि में इजाफा किया जाएगा। फिलहाल इस सम्मान के तहत 50 हजार रुपये की राशि प्रदान की जाती है, जिसे बढ़ाकर एक लाख रुपये कर दिया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh