लखनऊ। उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले सियासी बयानबाजी का दौर तेज हो गया है। शनिवार (21 नवंबर 2026) को समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव द्वारा दिए गए नए नारे—‘लाठी हारेगी, लैपटॉप जीतेगा’ पर अब भारतीय जनता पार्टी ने तीखा पलटवार किया है।
यूपी भाजपा के अध्यक्ष व केंद्रीय वित्त राज्य मंत्री पंकज चौधरी ने सपा प्रमुख के इस नारे पर जवाब देते हुए ‘लाठी’ को शोषितों का संबल और अन्याय के विरुद्ध बुलंद आवाज करार दिया है। इसके साथ ही उन्होंने स्पष्ट किया कि लाठी का सही इस्तेमाल कानून के हाथों में होना चाहिए, न कि अराजक व उपद्रवी तत्वों की उंगलियों में।
दरअसल, पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव इस नारे के जरिए आगामी विधानसभा चुनाव में सत्तारूढ़ दल की दमनकारी नीतियों के खिलाफ अपने विकासवादी एजेंडे को जनता के बीच ले जाने की कोशिश कर रहे हैं। वे विभिन्न मौकों पर आंदोलनरत छात्रों और युवाओं के विरुद्ध पुलिसिया कार्रवाई को लेकर सरकार पर हमलावर रहे हैं।
उनके नारे में ‘लैपटॉप’ शब्द सपा शासनकाल की तकनीकी प्रोत्साहन योजनाओं से जोड़ा जा रहा है, जबकि ‘लाठी’ शब्द को प्रशासनिक कड़ाई और बलप्रयोग के प्रतीक के रूप में दिखाया गया है। दूसरी ओर, भाजपा ने लाठी को पीड़ितों की सुरक्षा और अपराधियों पर सख्त नियंत्रण के प्रतीक के तौर पर पेश किया है।
बापू के हाथों की लाठी से लेकर डिजिटल इंडिया के लैपटॉप तक का दिया हवाला
रविवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर अपनी प्रतिक्रिया साझा करते हुए पंकज चौधरी ने लिखा कि लाठी असहायों का सहारा, अन्याय के खिलाफ आवाज और न्याय व्यवस्था का सामर्थ्य है। अंतर केवल इतना है कि लाठी कानून के पास होनी चाहिए, न कि दंगाईयों या उपद्रवियों की गिरफ्त में। उन्होंने कहा कि लाठी राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के हाथों में भी थी, जो जुल्म, अनीति और अराजकता के विरुद्ध भारत के आत्मबल और लंबे संघर्ष का प्रतीक बनी।
2027 में कानून की लाठी और डिजिटल क्रांति दोनों की होगी जीत: पंकज चौधरी
पंकज चौधरी ने अपने वक्तव्य में आगे जोड़ा कि लैपटॉप और टैबलेट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘डिजिटल इंडिया’ विजन की पहचान हैं, जिसके बूते आज भारतीय यूपीआई टेक्नोलॉजी का वैश्विक स्तर पर डंका बज रहा है। देश का यह डिजिटल मॉडल कई राष्ट्रों के लिए भविष्य की राह तय कर रहा है।
उन्होंने विश्वास जताया कि नए भारत के नए उत्तर प्रदेश में वर्ष 2027 के चुनाव में कानून का इकबाल (लाठी) और डिजिटल क्रांति का प्रसार (लैपटॉप), दोनों मिलकर एक बार फिर विजय हासिल करेंगे।
- इस्कॉन मंदिर में धूमधाम से संपन्न हुआ तुलसी-सालिगराम विवाह: बैंड-बाजों और आतिशबाजी के साथ निकली भव्य बारात - November 22, 2026
- आगरा के खैरागढ़ में किसान पर आवारा सांड़ का जानलेवा हमला; पसली तोड़ते हुए पेट में घुसा सींग, हालात गंभीर, हॉस्पिटल में भर्ती - November 22, 2026
- यूपी के सभी 75 जिलों में आज शाम 6 बजे होगी ब्लैकआउट मॉक ड्रिल: गूंजेंगे सायरन, कुछ देर के लिए गुल होगी बिजली - November 22, 2026