शिरडी की पावन धरती से दुनिया तक पहुंचेगा ‘सबका मालिक एक’ का संदेश: पांच भाषाओं में बनेगी फिल्म ‘कृपा साईं’

ENTERTAINMENT

शिरडी / मुंबई: शिरडी की पावन धरती पर साईं बाबा की आस्था और सिनेमा के संगम के बीच आगामी फिल्म ‘कृपा साईं’ (KRIPA SAI) का भव्य पोस्टर लॉन्च किया गया। आयोजन के दौरान पूरा माहौल श्रद्धा, विश्वास और सकारात्मक ऊर्जा से सराबोर नजर आया। निर्देशक जय प्रकाश मिश्रा (कलमधारी) की इस फिल्म को हिंदी, अंग्रेजी, तमिल, तेलुगु और मराठी सहित पांच भाषाओं में तैयार कर विश्व स्तर पर प्रदर्शित करने की योजना बनाई गई है।

समारोह में गणमान्य अतिथियों और बैजा मां के वंशज की मौजूदगी

इस विशेष अवसर पर श्री साईबाबा संस्थान के मुख्य कार्यकारी अधिकारी गोरक्ष गाडीलकर (IAS), भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष डॉ. सुजय विखे पाटील, पूर्व जिला परिषद सदस्य एवं भाजपा सातारा जिला उपाध्यक्ष संदीप शिंदे, समाजसेवक व उद्यमी सचिन हावळे पाटील, शिरडी के उपसरपंच विरेश चौधरी पाटील, उपनगराध्यक्ष अभय शेळके पाटील, डॉ. आशुतोष संतोष मैड और दर्शन लाटे प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।

​इस दौरान बैजा मां की तीसरी पीढ़ी के प्रतिनिधि की उपस्थिति ने समारोह को और अधिक भावनात्मक तथा यादगार बना दिया। वहीं सिनेमा जगत से अभिनेता व निर्माता प्रतुष मिश्रा, अभिनेता सुनील मणि, विष्णु चौधरी और विशाल भी कार्यक्रम में शामिल हुए।

“साईं बाबा विश्वास, प्रेम और मानवता की अनुभूति”— जय प्रकाश मिश्रा

​पोस्टर लॉन्च के मौके पर निर्देशक जय प्रकाश मिश्रा (कलमधारी) ने कहा— “साईं बाबा मेरे लिए केवल श्रद्धा का विषय नहीं, बल्कि विश्वास, प्रेम और मानवता की गहरी अनुभूति हैं। ‘कृपा साईं’ बाबा के श्रीचरणों में हमारा भावनात्मक समर्पण है। हमारा प्रयास है कि ‘सबका मालिक एक’ का संदेश दुनिया के हर कोने और हर इंसान तक पहुंचे।”

शिरडी और महाराष्ट्र में जल्द शुरू होगी शूटिंग

ओम साईं भगवान एवं स्मिता पांडेय प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित की जा रही इस फिल्म की शूटिंग जल्द ही शिरडी और महाराष्ट्र के विभिन्न रमणीय स्थानों पर शुरू होने जा रही है। निर्माताओं के अनुसार, यह फिल्म मनोरंजन के साथ-साथ प्रेम, सेवा, करुणा और मानवता का सशक्त संदेश लेकर दर्शकों के बीच आएगी।

-अनिल बेदाग

Dr. Bhanu Pratap Singh