नई दिल्ली: पूर्व प्रधानमंत्री एवं ‘भारत रत्न’ इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती के अवसर पर देशभर में उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की जा रही है। इस विशेष मौके पर कांग्रेस संसदीय दल (CPP) की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया के माध्यम से अपनी बेटी प्रियंका गांधी वाड्रा और नातिन मिराया वाड्रा के साथ एक वीडियो साझा किया, जिसमें उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री से जुड़ी अपनी निजी यादों, पहली मुलाकात और पारिवारिक अनुभवों को बेहद आत्मीयता के साथ साझा किया।
“घबराहट भांपकर फ्रेंच में बात की, खामोशी से आसान बना दिया हर मुश्किल”
इंदिरा गांधी मेमोरियल में रिकॉर्ड किए गए इस वीडियो में सोनिया गांधी ने अपनी पहली मुलाकात का किस्सा सुनाते हुए कहा कि शुरुआत में वे मिलने जाने से हिचकिचा रही थीं और उन्होंने मना कर दिया था, लेकिन अगले दिन उनका मन बदल गया। सोनिया गांधी ने बताया कि उस समय वे बेहद नर्वस थीं और उनकी अंग्रेजी भी कमजोर थी, ऐसे में इंदिरा गांधी ने उनसे फ्रेंच भाषा में संवाद किया।
सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया पोस्ट में लिखा ”दुनिया उन्हें प्रधानमंत्री के रूप में जानती थी, लेकिन घर पर वह हमारे लिए ‘दादी’ थीं—एक बेहद प्यारी और सौम्य शख्सियत, जो कहानियों, समझदारी और शानदार सेंस ऑफ ह्यूमर से भरपूर थीं। हम सभी में उनका कुछ न कुछ अंश आज भी मौजूद है, और हम उन्हें हमेशा याद करते हैं।”
लंदन की मुलाकात और नए परिवार में ढलने का सफर
बातचीत के दौरान सोनिया ने बताया कि जब इंदिरा गांधी लंदन से गुजर रही थीं और संक्षिप्त प्रवास पर थीं, तब मिलने का कार्यक्रम बना था। शुरुआती झिझक के बाद जब वे पहुंचीं, तो इंदिरा गांधी ने सहजता से उनके बारे में पूछा और बेहतरीन फ्रेंच में बातचीत की। उन्होंने यह भी कहा कि राजीव गांधी से विवाह के बाद एक नए परिवेश और जीवनशैली में खुद को ढालने में समय लगा, बिल्कुल वैसे ही जैसे ज्यादातर भारतीय युवतियों को विवाह के बाद नए घर में ढलना पड़ता है, लेकिन धीरे-धीरे सब कुछ अपना लिया। साथ ही उन्होंने इंदिरा गांधी की अनुशासित दिनचर्या और सुबह जल्दी उठने की आदत का भी जिक्र किया।
”अनुशासन के साथ बेहद स्नेही और नटखट थीं दादी”: प्रियंका गांधी
इस संवाद के दौरान वायनाड सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने अपनी दादी को परिवार में अनुशासन कायम रखने वाली प्रमुख शख्सियत बताया। उन्होंने कहा कि घर के तय नियमों और सही आचरण को लेकर इंदिरा गांधी सख्त थीं और नाराजगी पर बच्चों में डर भी लगता था, लेकिन साथ ही वे बच्चों के प्रति अत्यंत कोमल, स्नेही और कभी-कभार छोटी-छोटी शरारतें करने वाली ‘नटखट’ दादी भी थीं।
आजादी के आदर्शों और क्रांतिकारी जज्बे को किया नमन
प्रियंका गांधी ने याद किया कि व्यस्त राजनीतिक व प्रशासनिक जिम्मेदारियों के बावजूद इंदिरा गांधी बच्चों के साथ समय बिताने और परिवार के साथ भोजन करने का प्रयास करती थीं। उन्होंने उन्हें ‘जोन ऑफ आर्क’, स्वतंत्रता संग्राम और बचपन की कहानियां सुनाईं, जबकि बड़े होने के नाते राहुल गांधी से राजनीति पर भी चर्चा करती थीं। प्रियंका ने कहा कि बचपन में वे अपनी दादी की तरह बनना चाहती थीं और आज भी उनके साहस, कर्तव्यबोध व देश के प्रति समर्पण को देखकर गर्व महसूस करती हैं।
- “सपा की अराजकता ने ली मासूम की जान, दोषियों को मिलेगी सजा”: गोरखपुर हादसे पर सीएम योगी का तीखा हमला - November 20, 2026
- इंदिरा गांधी की 109वीं जयंती पर सोनिया गांधी ने साझा की पहली मुलाकात की यादें; प्रियंका ने दादी को बताया ‘नटखट और क्रांतिकारी’ - November 20, 2026
- मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हर गली में एक ‘मुर्गी चोर’ हो, ताकि वह भी एक यूनिवर्सिटी बना सके, आजम खान ने बीजेपी सरकार और ईडी पर साधा निशाना - November 19, 2026