आगरा: ताजनगरी को स्मार्ट और खूबसूरत बनाने के बड़े-बड़े दावों के बीच आगरा स्मार्ट सिटी कार्यालय की अपनी ही दीवार पर बना ‘हैंगिंग गार्डन’ घोर बदहाली का शिकार हो गया है। शहर में हरियाली का दायरा बढ़ाने और सौंदर्यीकरण के उद्देश्य से लाखों रुपये की लागत से तैयार किए गए इस वर्टिकल (हैंगिंग) गार्डन में लगाए गए ज्यादातर पौधे देखरेख के अभाव में सूखकर बेजान हो चुके हैं।
दीवार पर बने प्लांटेशन पॉकेट्स में जगह-जगह केवल सूखे पौधों के अवशेष दिखाई दे रहे हैं, तो कई पॉकेट्स पूरी तरह खाली पड़े हुए हैं। स्मार्ट सिटी कार्यालय की मुख्य दीवार पर बनी इस संरचना की वर्तमान दुर्दशा सरकारी धन के दुरुपयोग और संबंधित रखरखाव एजेंसी की लापरवाही पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
फरवरी 2025 के निर्देशों का भी नहीं दिखा कोई असर
हैरानी की बात यह है कि हैंगिंग गार्डन में पौधों के दम तोड़ने की यह समस्या कोई नई नहीं है। इससे पहले फरवरी 2025 में भी इस वर्टिकल गार्डन की हरियाली खत्म होने का मामला सुर्खियों में आया था। उस दौरान अधिकारियों ने जांच के बाद पौधों के सूखने की मुख्य वजह सिंचाई में इस्तेमाल होने वाले खारे पानी और ड्रिप इरिगेशन पाइपलाइन में आई तकनीकी खराबी को बताया था।
तत्कालीन समय पर नए सिरे से पौधे लगाने, खारे पानी की जगह मीठे पानी का प्रबंध करने और सिंचाई पाइपलाइन को तुरंत बदलने के सख्त निर्देश दिए गए थे। हालांकि, महीनों बीत जाने के बाद भी जमीनी स्तर पर स्थिति में कोई अपेक्षित सुधार होता नजर नहीं आ रहा है।
लापरवाह एजेंसी और जिम्मेदारों की कार्यप्रणाली पर सवाल
वर्तमान हालातों से स्पष्ट है कि पौधों की नियमित सिंचाई, छंटाई और देखभाल पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। दीवार पर बने दर्जनों पॉकेट्स में मिट्टी के अलावा कुछ नहीं बचा है और जो गिने-चुने पौधे बचे भी हैं, वे भी सिंचाई के अभाव में दम तोड़ रहे हैं।
स्थानीय नागरिकों और प्रबुद्ध वर्ग का सवाल है कि जब पहले ही इस समस्या की पहचान हो चुकी थी और सुधार के निर्देश जारी किए गए थे, तो फिर दोबारा गार्डन इस बदहाली की कगार पर कैसे पहुंच गया? सरकारी धन से तैयार इस हरित प्रोजेक्ट के रख-रखाव की जिम्मेदारी संभालने वाली कार्यदायी संस्था की भूमिका पर अब लगातार उंगलियां उठ रही हैं। अब देखना यह होगा कि आगरा स्मार्ट सिटी के उच्च अधिकारी इस मामले का संज्ञान लेकर लापरवाही बरतने वाली एजेंसी पर क्या कार्रवाई करते हैं।
- आगरा स्मार्ट सिटी कार्यालय का हैंगिंग गार्डन बदहाल: सूख गए ज्यादातर पौधे, उठ रहे रखरखाव पर सवाल - November 18, 2026
- यूपी ड्राफ्ट मतदाता सूची पर बढ़ा सियासी घमासान: चुनाव आयोग की सफाई के बाद अखिलेश यादव बोले-योगी जी अफ़वाह फैलाने वालों पर किस धारा में दर्ज होता है मुक़दमा? - November 17, 2026
- इलाहाबाद हाईकोर्ट से समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान को बड़ी राहत: मनी लॉन्ड्रिंग मामले में मिली अंतरिम जमानत - November 17, 2026