कानपुर/लखनऊ। उत्तर प्रदेश के स्कूलों, संवेदनशील प्रतिष्ठानों और धार्मिक स्थलों को बम से उड़ाने की श्रृंखलाबद्ध धमकियों में इस्तेमाल की गई फर्जी जीमेल (Gmail) आईडी को लेकर सुरक्षा एजेंसियों की जांच में एक बेहद सनसनीखेज और बड़ा खुलासा हुआ है।
उत्तर प्रदेश आतंकवाद निरोधी दस्ते (UP ATS) द्वारा कानपुर से गिरफ्तार किए गए मुख्य आरोपी अंकित शंखवार ने पूछताछ में कबूला है कि उसने करीब 22 लाख फर्जी जीमेल आईडी बनाकर पाकिस्तान और बांग्लादेश में बैठे संदिग्धों व आतंकी नेटवर्क से जुड़े लोगों को बेची थीं।
शुरुआती जांच में एटीएस को आरोपी के लैपटॉप से 5 लाख जीमेल आईडी का डेटा मिला था, लेकिन फॉरेंसिक जांच और डेटा रिकवरी के दौरान 17 लाख अतिरिक्त आईडी का विशाल डेटाबेस बरामद हुआ है। इस खुलासे के बाद सुरक्षा एजेंसियों ने अपनी जांच का दायरा काफी बढ़ा दिया है।
जानकारी के अनुसार, नोएडा, दिल्ली, गुरुग्राम, मुंबई और पंजाबी सिंगर दिलजीत दोसांझ के दिल्ली वाले शो में बम ब्लास्ट की धमकी ई-मेल के जरिये दी गयी थी। जिसके बाद एटीएस ने 28 अक्तूबर को कानपुर निवासी अंकित को गिरफ्तार किया था। आरोप है कि जिन जी-मेल आईडी का इस्तेमाल बम ब्लास्ट की धमकी के लिए किया गया था, उन्हें अंकित ने बनाया था। अब इस मामले में एटीएस की पूछताछ में अंकित ने कई बड़े खुलासे किए हैं।
एटीएस ने इन 22 लाख जीमेल आईडी ब्लाक कराने के लिए गूगल से अनुरोध किया है, जिससे उनका आगे दुरुपयोग न हो सके। एजेंसी को आशंका है कि अंकित के जरिए विदेशी खरीदारों तक पहुंचाई गईं इन्हीं ई-मेल आईडी में से कुछ का इस्तेमाल अयोध्या, काशी और मथुरा को बम ब्लास्ट की धमकी भेजने में हुआ है। सूत्रों के अनुसार, आरोपी के लैपटॉप से 5 लाख आईडी मिली थीं, लेकिन बाद में उसके डिवाइस की जांच की गई और डाटा रिकवर कराया गया तो उसमें 17 लाख और जी-मेल आईडी मिलीं।
पूछताछ में अंकित के पाकिस्तान, बांग्लादेश, तुर्किये, मिस्र और अन्य देशों के लोगों व समूहों से संपर्क में होने की बात सामने आयी है। एजेंसी अब तक मिली धमकियों और इन ई-मेल आईडी के डाटा का मिलान कर रही है। इसके साथ ही ई-मेल आईडी के बदले अंकित को हुए भुगतान की जांच की जा रही है।
- यूपी यूथ कांग्रेस पर अनुशासन का चाबुक; दिल्ली रैली से दूरी बनाने पर 12 जिलाध्यक्षों समेत 68 पदाधिकारियों की छुट्टी - November 13, 2026
- आगरा, मथुरा और दिल्ली-एनसीआर में आयकर विभाग की बड़ी छापेमारी; तनिष्क शोरूम संचालक और 3 बड़े बिल्डरों के ठिकानों पर खंगाले जा रहे दस्तावेज - November 13, 2026
- ‘हाथ कंगन को आरसी क्या, देखे-भोगे को साक्षी क्या…’: सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर भाजपा सरकार पर बोला हमला - November 13, 2026