आगरा के एत्माददुद्दौला क्षेत्र में भाजपा नेता की स्कॉर्पियो कार में लगाई गई आग; सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना, पुलिस तलास में जुटी

Crime

आगरा। उत्तर प्रदेश के ताजनगरी आगरा में सुरक्षा व्यवस्था को चुनौती देती एक बेहद सनसनीखेज वारदात सामने आई है। थाना एत्माददुद्दौला क्षेत्र के फेस-2 इलाके में सोमवार देर रात एक अज्ञात युवक ने घर के बाहर खड़ी भाजपा नेता की स्कॉर्पियो कार को आग के हवाले कर दिया। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया और पूरी गाड़ी धू-धूकर जलकर खाक हो गई। इस दुस्साहसिक वारदात के बाद से आसपास के इलाके में भारी दहशत और अफरातफरी का माहौल है। घटना का एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है, जिसमें एक संदिग्ध युवक कार के पास पहुंचकर उसमें आग लगाता हुआ साफ दिखाई दे रहा है।

पानी की टंकी के पास खड़ी थी कार

प्राप्त जानकारी के अनुसार, यह पूरी घटना थाना एत्माददुद्दौला क्षेत्र के फेस-2 स्थित पानी की टंकी के पास की है। सोमवार देर रात भाजपा नेता की स्कॉर्पियो कार उनके घर के बाहर सड़क किनारे खड़ी हुई थी। इसी दौरान एक अज्ञात युवक वहां चुपचाप पहुंचा और कथित तौर पर किसी ज्वलनशील पदार्थ का इस्तेमाल करके कार में आग लगा दी।

आग लगते ही लपटें तेजी से भड़क उठीं और कुछ ही पलों में पूरी स्कॉर्पियो आग की चपेट में आ गई। अचानक उठती ऊंची-ऊंची लपटों और धुएं के गुबार को देखकर आसपास के घरों में सो रहे लोग सहम गए और बाहर निकल आए। कार को आग लगाने के बाद आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया।

सीसीटीवी फुटेज से खुला राज, पुलिस कर रही तलाश

इस गंभीर घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस और प्रशासन की सक्रियता बढ़ गई है। फुटेज में एक युवक बड़े आराम से स्कॉर्पियो के पास पहुँचकर आग लगाता हुआ नजर आ रहा है। इससे यह साफ जाहिर होता है कि आरोपी ने पूरी प्लानिंग के साथ इस वारदात को अंजाम दिया है और पहले से रेकी की होगी। हालाँकि, फुटेज के आधार पर युवक की वास्तविक पहचान और आग लगाने के लिए इस्तेमाल किए गए ज्वलनशील पदार्थ की पुष्टि अभी पुलिस जांच के बाद ही हो सकेगी।

​भाजपा नेता की गाड़ी होने से गरमाई सियासत

​गाड़ी किसी भाजपा नेता की होने के कारण इस मामले ने तूल पकड़ लिया है। चर्चा इस बात की भी है कि यह केवल किसी सिरफिरे की हरकत है या इसके पीछे कोई पुरानी व्यक्तिगत रंजिश, राजनीतिक द्वेष अथवा अन्य कोई गहरी वजह छिपी है।

सूचना मिलते ही थाना एत्माद्दौला पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और दमकल की मदद से स्थिति को संभाला। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवक की शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं, और जल्द ही आरोपी को दबोचकर पूरे मामले का खुलासा किया जाएगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh