आगरा में त्योहारों से पहले मिलावटखोरों पर खाद्य सुरक्षा विभाग का बड़ा प्रहार: 2.55 लाख रुपये का 940 किलो अस्वच्छ पनीर और मावा कराया नष्ट

स्थानीय समाचार

आगरा। आगामी प्रमुख त्योहारों के दृष्टिगत आम जनमानस को शुद्ध, सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के संकल्प के साथ रविवार को खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (जनपद आगरा) की टीम ने ताबड़तोड़ छापेमारी की। सहायक आयुक्त (खाद्य)-II के कुशल नेतृत्व में चलाए गए इस विशेष प्रवर्तन अभियान के तहत मिलावटखोरों और अस्वच्छ वातावरण में खाद्य पदार्थों का परिवहन करने वालों पर सख्त कार्रवाई की गई।

​पहली कार्रवाई: धौलपुर से आ रहा 400 किलो अस्वच्छ पनीर नष्ट

अभियान के दौरान टीम ने निरीक्षण करते हुए एक बोलेरो मैक्स गाड़ी (वाहन संख्या RJ11GC6286) को रोककर जांच की। वाहन में अत्यंत अस्वच्छ और असुरक्षित परिस्थितियों में पनीर का भंडारण कर परिवहन किया जा रहा था। जनस्वास्थ्य और आम नागरिकों की सुरक्षा के हित को सर्वोपरि रखते हुए मौके से पनीर के 3 सैंपल लिए गए और लगभग 400 किलोग्राम पनीर को तुरंत नष्ट करवा दिया गया। नष्ट किए गए पनीर का बाजार मूल्य लगभग 1,04,000 रुपये आंका गया है। जांच में सामने आया कि खाद्य कारोबारी राजीव (पुत्र ज्ञान सिंह) और वाहन मालिक योगेश (पुत्र सिद्धार्थ) दोनों राजस्थान के धौलपुर जिले के निवासी हैं।

​दूसरी कार्रवाई: शमशाबाद रोड पर 540 किलो मिलावटी मावा पकड़ा गया

​इसी कड़ी में प्रातः 08:40 बजे शमशाबाद रोड पर जी.आर. अस्पताल के समीप घेराबंदी कर एक अन्य बोलेरो पिकअप (UP80LT1251) को रोककर सघन जांच की गई। वाहन में डलिया, क्रेट और पन्नियों में भरकर ले जाए जा रहे मावा (खोया) में मिलावट का गहरा संदेह होने पर 2 नमूने संग्रहित किए गए। मानक तापमान पर परिवहन न करने और अस्वच्छ भंडारण पाए जाने पर कारोबारी राजन सिंह व गौरी शंकर की सहमति से 540 किलोग्राम मावे को नष्ट कराया गया, जिसकी कुल कीमत 1,51,200 रुपये है।

​कई प्रसिद्ध दुकानों से लिए गए नमूने, लैब भेजे गए सैंपल

​इसके अतिरिक्त, टीम ने फतेहपुर सीकरी स्थित मैसर्स गोविन्द प्रसाद एंड ब्रदर्स से बेसन का 1 नमूना, पिनाहट थाने के सामने स्थित अतुल की दुकान से खोया का 1 नमूना और लज्जाराम गुजिया वाले की दुकान से छेना का 1 नमूना संग्रहित किया।

​खाद्य सुरक्षा विभाग ने इस पूरे अभियान के दौरान कुल 8 नमूने एकत्र कर विधिपूर्वक परीक्षण के लिए खाद्य विश्लेषक प्रयोगशाला (लैब) भेज दिए हैं। अधिकारियों का कहना है कि प्रयोगशाला से रिपोर्ट प्राप्त होते ही संबंधित दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।

इस कार्रवाई के तहत कुल 940 किलोग्राम (9 कुंतल 40 किलो) असुरक्षित पनीर और मावा, जिसकी कुल अनुमानित कीमत 2,55,200 रुपये है, को नष्ट करा दिया गया। विभाग ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि मिलावटखोरी, अस्वच्छ भंडारण और असुरक्षित परिवहन के विरुद्ध यह सख्त अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh