चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस पर गृह मंत्री अमित शाह ने सौंपा ‘प्रेसिडेंट्स कलर’: बोले— “छह दशकों की सेवा और समर्पण का है सम्मान”

NATIONAL

चंडीगढ़। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह रविवार को चंडीगढ़ पुलिस के 60वें स्थापना दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित भव्य हीरक जयंती समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। पुलिस लाइंस में आयोजित इस गरिमामय कार्यक्रम के दौरान गृह मंत्री ने शानदार पुलिस परेड का निरीक्षण किया और मार्च पास्ट की सलामी ली। इस अवसर पर उन्होंने चंडीगढ़ पुलिस को भारत के राष्ट्रपति की ओर से स्वीकृत अत्यंत प्रतिष्ठित ‘प्रेसिडेंट्स कलर’ (राष्ट्रपति निशान) प्रदान कर अलंकृत किया।

समारोह को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा, “चंडीगढ़ पुलिस को राष्ट्रपति निशान से सम्मानित किया जाना इसके छह दशकों की निष्ठापूर्ण सेवा, अटूट समर्पण और संवेदनशीलता का ऐतिहासिक सम्मान है। इस पावन अवसर पर मैं चंडीगढ़ पुलिस के उन सभी अमर वीर शहीदों को नमन करता हूँ, जिन्होंने अपने कर्तव्य पथ पर प्राण न्योछावर किए। वर्ष 1966 से लेकर आज तक चंडीगढ़ पुलिस ने अपने अथक प्रयासों से देश के पुलिस इतिहास में एक स्वर्णिम अध्याय लिखा है, जिसके लिए पूरे पुलिस बल को हार्दिक बधाई।”

​गृह मंत्री ने चंडीगढ़ पुलिस की त्वरित कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि घटनाओं पर तुरंत रिस्पॉन्स देने के मामले में यह बल देश में दूसरे स्थान पर है। आज पुलिस बेड़े में 141 नए आधुनिक वाहनों के शामिल होने से आपातकालीन सेवाओं और कार्यक्षमता को नई ताकत मिलेगी। उन्होंने विश्वास जताया कि इन आधुनिक संसाधनों की बदौलत चंडीगढ़ पुलिस जल्द ही रिस्पॉन्स टाइम में देशभर में पहला स्थान हासिल करेगी।

आतंकवाद के दौर में भी दिखाया अदम्य साहस

​अमित शाह ने शहर की ऐतिहासिक पृष्ठभूमि का जिक्र करते हुए कहा कि शिवालिक की पहाड़ियों की तलहटी में बसा चंडीगढ़ देश के सबसे सुव्यवस्थित और सुनियोजित शहरों में शामिल है। लेकिन जब देश में आतंकवाद का काला दौर आया, तो चंडीगढ़ भी उससे अछूता नहीं रहा। उस अत्यंत कठिन कालखंड में चंडीगढ़ पुलिस ने अदम्य साहस, शौर्य और पराक्रम की पराकाष्ठा का परिचय देते हुए क्षेत्र में सुरक्षा और शांति बहाल की।

उन्होंने कहा कि पुलिस का मूल उद्देश्य आम नागरिकों को सुलभ और पारदर्शी सेवाएं देना है, जिसे चंडीगढ़ पुलिस ने आधुनिक तकनीकी मॉडलों और विभिन्न मोबाइल ऐप्स के जरिए सच साबित किया है, जिससे नागरिकों को थाने जाने की बाध्यता से मुक्ति मिली है।

​ट्रैफिक प्रबंधन और उच्च दोषसिद्धि दर की तारीफ

​गृह मंत्री ने कहा कि देश में प्रति व्यक्ति सबसे अधिक वाहनों वाला शहर होने के बावजूद चंडीगढ़ में यातायात व्यवस्था हमेशा सुचारू रहती है। उन्होंने अपने व्यक्तिगत अनुभव साझा करते हुए कहा कि गृह मंत्री बनने से पहले और बाद में भी उन्हें यहाँ कभी ट्रैफिक जाम का सामना नहीं करना पड़ा। यहाँ क्विक रिस्पॉन्स टीम (QRT) का रिस्पॉन्स टाइम महज 10 मिनट और घटनास्थल पर पुलिस के पहुँचने का समय केवल 4 मिनट है, जो अन्य राज्यों के पुलिस बलों के लिए अनुकरणीय मॉडल है।

​इसके अतिरिक्त, चंडीगढ़ पुलिस ने मात्र 140 दिनों में 85 प्रतिशत की शानदार दोषसिद्धि (सजा) दर हासिल की है। अमित शाह ने उल्लेख किया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नए आपराधिक न्याय संहिताओं की शुरुआत भी चंडीगढ़ से ही की थी, जिससे अंग्रेजों के जमाने के औपनिवेशिक कानूनों को समाप्त कर आधुनिक न्याय प्रणाली की नींव रखी गई। उन्होंने उम्मीद जताई कि चंडीगढ़ जल्द ही नशा मुक्त शहर बनने का गौरव हासिल करेगा।

Dr. Bhanu Pratap Singh