कन्नौज। विभिन्न मुद्दों को लेकर विरोध जताना हिन्दुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष को शनिवार को भारी पड़ गया। सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और स्व. मुलायम सिंह यादव के खिलाफ प्रदर्शन करने मकरंद नगर तिराहा पहुंचे मुकेश पाल देशबंधु को पुलिस की मौजूदगी में एक सपा नेत्री ने थप्पड़ जड़ दिया। इसके बाद सपा कार्यकर्ताओं ने भी उनकी जमकर पिटाई कर दी।
कुछ देर बाद कोतवाली पुलिस बीच-बचाव के लिए आगे आई और दोनों पक्षों को अलग कराया। घटना के लगभग 25 मिनट बाद कोतवाल के मौके पर पहुंचते ही सपा कार्यकर्ता वहां से निकल गए और सीधे पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंच गए।
लंबे समय से चल रही है तकरार
हिन्दुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु काफी समय से सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव की रीति-नीतियों का विरोध करते आ रहे हैं। आरोप है कि वे इंटरनेट मीडिया पर उनके खिलाफ लगातार भड़काऊ बयान भी देते रहते हैं। जवाब में सपा कार्यकर्ता भी बयान देते हैं। यह सिलसिला काफी समय से चल रहा है।
पुतला फूंकने पहुंचे थे समर्थकों के साथ
शनिवार को मुकेश पाल अपने कुछ समर्थकों के साथ सपा राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव और पूर्व मुख्यमंत्री स्व. मुलायम सिंह यादव का पुतला फूंकने मकरंद नगर तिराहा पहुंचे थे। सूचना मिलने पर वहां पुलिस बल भी तैनात था।
बताया जा रहा है कि इसी दौरान सपा नेत्री शशिमा दोहरे और अन्य सपा कार्यकर्ता भी मौके पर आ गए। मुकेश की नारेबाजी और बयानबाजी सुनकर सपा नेत्री ने पुलिस की मौजूदगी में उन्हें दो-तीन थप्पड़ मार दिए। इसके बाद वहां मौजूद अन्य सपा कार्यकर्ताओं ने भी उन पर हाथ साफ कर लिया।
जमीन पर गिरे मुकेश, भाग खड़े हुए समर्थक
पिटाई से मुकेश वहीं जमीन पर गिर पड़े। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई और उन्हें उठाकर बीच-बचाव शुरू किया। हंगामा देखकर वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई। यह देख मुकेश के साथ आए लोग मौके से भाग खड़े हुए। इधर सपा नेत्री ने मुकेश को दोबारा ऐसा करने पर चप्पलों से पीटने की धमकी भी दी। इस दौरान काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
कोतवाल देर से पहुंचे, एसपी कार्यालय गए सपाई
घटना के करीब 25 मिनट बाद कोतवाल जितेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे। उनके आते ही सपा कार्यकर्ता वहां से निकल गए। कुछ देर बाद सपा नेता पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे और हिन्दुस्तान आजाद मंच के राष्ट्रीय अध्यक्ष के खिलाफ प्रार्थना पत्र सौंपा। उन्होंने आरोप लगाया कि मुकेश पाल पार्टी मुखिया के खिलाफ प्रदर्शन और भड़काऊ बयान देकर उकसाने का काम कर रहे थे।
- 25 साल से फरार चारा घोटाले का आरोपी सत्येंद्र कुमार लखनऊ से गिरफ्तार, नेपाल में छिपकर काट रहा था जिंदगी, रेलवे स्टेशन से CBI ने धर-दबोचा - October 24, 2026
- यूपी चुनाव 2027: पूर्व IAS दिव्या मित्तल की घोषणा, जननीति भारत पार्टी लड़ेगी 403 सीटों पर, बोलीं “लक्ष्य जनता का राज” - October 24, 2026
- कन्नौज में अखिलेश का पुतला फूंकने पहुंचे हिन्दुस्तान आजाद मंच के अध्यक्ष मुकेश पाल देशबंधु की पिटाई, सपा नेत्री ने जड़े थप्पड़, समर्थक भागे - October 24, 2026