आगरा: उत्तर प्रदेश में शिक्षक और स्नातक एमएलसी (MLC) चुनावों के दौरान सियासी पारा अपने चरम पर पहुंच गया है, वहीं आगरा से एक बेहद हैरान करने वाली और नाटकीय तस्वीर सामने आई है। आगरा खंड शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र से समाजवादी पार्टी (SP) के प्रत्याशी आकाश अग्रवाल मतदान के दौरान मीडिया के सामने कैमरे पर ही फफक-फफक कर रो पड़े। प्रशासनिक अधिकारियों और सत्तारूढ़ दल पर गंभीर आरोप लगाते हुए सपा प्रत्याशी ने यहाँ तक कह दिया कि उनका सिस्टम से पूरी तरह भरोसा उठ चुका है और वे अपना धर्म परिवर्तन कर लेंगे।
प्रशासन और सत्ताधारी दल पर बूथ कैप्चरिंग के गंभीर आरोप
मीडिया से बात करते हुए सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने रोते हुए आरोप लगाया कि प्रशासन और सत्ताधारी दल के इशारे पर चुनाव में खुलेआम बूथ कैप्चरिंग की जा रही है। उन्होंने दावा किया कि खेरागढ़ के बूथ नंबर 20 को प्रत्याशी के भतीजे द्वारा लूट लिया गया है और इस पूरी घटना का वीडियो बनाकर कमिश्नर को भी भेज दिया गया है।
इसके साथ ही उन्होंने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि खेरागढ़ के इसी बूथ पर जब पीठासीन अधिकारी (Presiding Officer) खाना खाने लगे, तो सभी वैध मतदाताओं को बाहर निकालकर कमरा अंदर से बंद कर लिया गया। इसके अलावा उन्होंने छाता के बूथ नंबर 40 पर भी बड़े पैमाने पर बूथ कैप्चरिंग किए जाने का सनसनीखेज आरोप लगाया है।
”अगले महीने शाही ईदगाह में कराऊंगा धर्म परिवर्तन”
सपा प्रत्याशी आकाश अग्रवाल ने प्रशासन पर हमला बोलते हुए बेहद आक्रामक और भावुक लहजे में कहा कि उन्हें हार-जीत से कोई फर्क नहीं पड़ता, लेकिन जिस तरह का बर्ताव किया जा रहा है, वह सहन करने योग्य नहीं है।
उन्होंने अपना दर्द बयां करते हुए कहा “मैं अगले महीने लखनऊ जाकर शाही ईदगाह में अपना धर्म परिवर्तन कराऊंगा, क्योंकि हार-जीत से मुझे फर्क नहीं पड़ता। लेकिन मैं आजाद भारत में रह रहा हूं, मैं किस पार्टी से चुनाव लड़ूंगा, किससे नहीं लड़ूंगा, ये मेरा फैसला है और एक अधिकारी ने मुझसे कहा कि आप एमएलसी (प्रत्याशी) ही तो हो, आप खुदा तो नहीं हो। मैं उस अधिकारी को भी कहना चाहता हूं, मैंने अपना खुदा बदल लिया है।”
एमएसी चुनाव के दौरान इस प्रकार के आरोपों और प्रत्याशी के फफक-फफक कर रोने का यह वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिससे उत्तर प्रदेश की राजनीति में हड़कंप मच गया है। इस घटना के बाद से चुनावी माहौल में तनाव और तीखी बयानबाजी के और अधिक बढ़ने के आसार हैं।
- शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र में मतदाताओं का बढ़ा रुझान: स्नातक सीट के मुकाबले वोटिंग की रफ्तार में आगे रहे शिक्षक वोटर - October 23, 2026
- संयुक्त राष्ट्र महासभा की बैठक के कारण न्यूयॉर्क में रहे राज्यसभा सांसद नवीन जैन: पुत्र वैभव जैन ने आगरा में संभाला चुनावी दायित्व - October 23, 2026
- ”विकास सहयोग और वैश्विक साझेदारी से ही संभव है सतत विकास”: संयुक्त राष्ट्र मुख्यालय में आयोजित बैठकों में सांसद नवीन जैन ने रखा भारत का पक्ष - October 23, 2026