मैनपुरी। उत्तर प्रदेश के मैनपुरी जिले से मानवता को झकझोर देने वाला एक बेहद शर्मनाक मामला सामने आया है। यहाँ घर के बाहर खेल रही महज पाँच साल की एक मासूम बच्ची गलती से पड़ोसी के खेत में चली गई, आरोप है कि जिससे नाराज तीन लोगों ने हद पार करते हुए उसे चारपाई पर रस्सी से बांधकर बेरहमी से पीट दिया। जब बच्ची की चीख-पुकार सुनकर उसकी गर्भवती मां उसे बचाने पहुँची, तो दबंगों ने उसके साथ भी मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद मामला चर्चा में है।
खेत में जाने से नाराज आरोपियों ने की क्रूरता
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मैनपुरी निवासी आशीष पेशे से ड्राइवर हैं और उनकी पत्नी ममता देवी गर्भवती हैं। सोमवार की सुबह उनकी पाँच साल की बेटी तन्वी घर के बाहर खेल रही थी, खेलते-खेलते वह अनजाने में गाँव के ही सुधीर कुमार के खेत में पहुँच गई। आरोप है कि खेत में बच्ची के जाने से आगबबूला हुए सुधीर कुमार, लालता प्रसाद और पुष्पेंद्र उर्फ हाजी ने बच्ची को पकड़ लिया। इसके बाद खेत में रखी चारपाई पर उसे रस्सी से कसकर बाँध दिया और उसकी पिटाई शुरू कर दी।
गर्भवती मां के साथ भी की गई मारपीट
बेटी की चीख-पुकार सुनकर जब माँ ममता देवी घबराकर मौके पर अपनी बच्ची को बचाने दौड़ीं, तो आरोपियों ने उनके साथ भी अभद्रता और मारपीट की। विरोध करने पर आरोपी मां-बेटी दोनों को जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गए। इस अमानवीय घटना ने बच्चों की सुरक्षा और छोटी-छोटी बातों पर बढ़ती हिंसा को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा, आरोपियों की तलाश जारी
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीनों नामजद आरोपियों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है और घायल मां-बेटी का मेडिकल परीक्षण कराया गया है। सीओ सिटी अशोक कुमार सिंह ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमें दबिश दे रही हैं और जल्द ही उन्हें सलाखों के पीछे भेज दिया जाएगा।
- श्रद्धा दुबे मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान: बोले— “यह कोई सामान्य मामला नहीं है, यह सरकार को ले डूबेगा” - October 20, 2026
- श्रद्धा दुबे मामले में अखिलेश यादव का बड़ा बयान: बोले— “यह कोई सामान्य मामला नहीं है, यह सरकार को ले डूबेगा” - October 20, 2026
- गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी का अनूठा रूप: गोरक्षपीठाधीश्वर की परंपरागत वेशभूषा में दो घंटे से अधिक समय तक किया विशेष पूजन - October 20, 2026