उत्तर प्रदेश के आगरा जिले में राष्ट्रीय लोकदल (RLD) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी की आगामी 12 अक्टूबर को होने वाली ‘स्वाभिमान रैली’ को ऐतिहासिक बनाने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अछनेरा स्थित जैंगारा के गांधी स्मारक इंटर कॉलेज के मैदान में आयोजित होने वाली इस रैली को लेकर ग्रामीण इलाकों में उत्साह का माहौल है।
अछनेरा और बिचपुरी ब्लॉक के एक दर्जन से अधिक गांवों में इन दिनों लगातार जनसंपर्क अभियानों और बड़ी बैठकों का दौर चल रहा है, जिसके जरिए ग्रामीणों से रैली में भारी संख्या में पहुंचने की अपील की जा रही है। इसी कड़ी में गांव कचोरा में हुई एक बड़ी बैठक के दौरान ग्रामीणों ने केंद्रीय मंत्री जयंत चौधरी के हाथों को मजबूत करने का संकल्प लेते हुए 300 से 400 लोगों के साथ रैली में शामिल होने की घोषणा की है।
गांव-गांव पहुंचकर रालोद नेताओं ने साधा संपर्क
स्वाभिमान रैली के प्रचार अभियान को धार देने के लिए राष्ट्रीय लोकदल के कई वरिष्ठ नेता मैदान में उतरे हैं। इनमें पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष एवं पूर्व प्रदेश प्रवक्ता कप्तान सिंह चाहर, पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष नरेंद्र बघेल, चौधरी गोपीचंद, पूर्व प्रदेश सचिव डॉ. रुपेश चौधरी, महानगर अध्यक्ष दुर्गेश शुक्ला, युवा लोकदल के प्रदेश महामंत्री मयंक खैरवार, डॉ. खेम सिंह राजपूत, किसान प्रकोष्ठ के प्रदेश मंत्री सतवीर रावत, आलोक चौधरी और संजीव शर्मा प्रमुख रूप से शामिल रहे।
इन नेताओं ने बिचपुरी ब्लॉक के सदरवन, जऊपुरा, मघटई, लखनपुर, अरतोनी और अछनेरा ब्लॉक के कुकथला, रैपुरा अहीर, अरसैना तथा मुरंडा समेत आसपास के तमाम गांवों में नुक्कड़ बैठकें कीं। नेताओं ने ग्रामीणों से सीधा संवाद स्थापित कर उन्हें स्वाभिमान रैली में शिरकत करने का न्योता दिया।
गांव कचोरा की पंचायत में उमड़ा उत्साह
प्रचार अभियान के तहत गांव कचोरा में एक भव्य बैठक का आयोजन किया गया, जिसकी अध्यक्षता वयोवृद्ध एवं पूर्व प्रधान कुंवर जी ने की। इस पंचायत में गांव की पूरी सरदारी ने एकजुट होकर जयंत चौधरी के समर्थन में हुंकार भरी और 300 से 400 समर्थकों के साथ रैली में पहुंचने का संकल्प लिया। इस बैठक का कुशल संचालन समाजसेवी चौधरी गुलाब सिंह ने किया, जबकि आयोजन की जिम्मेदारी चौधरी सौदान सिंह ने संभाली।
बैठक को संबोधित करते हुए कप्तान सिंह चाहर और नरेंद्र बघेल ने कहा कि राष्ट्रीय लोकदल हमेशा से देश और प्रदेश के गांव, गरीब, किसान, मजदूर और नौजवानों के हितों के लिए संघर्ष करने वाली पार्टी रही है। उन्होंने कहा कि आज इन सभी वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए पार्टी अध्यक्ष जयंत चौधरी केंद्र सरकार में एक सजग प्रहरी की भूमिका निभा रहे हैं। वक्ताओं ने जोर देकर कहा कि किसानों और ग्रामीण अंचल की आवाज़ को बुलंद करने के लिए जयंत चौधरी के हाथ मजबूत करना बेहद आवश्यक है।
बैठक के दौरान पूर्व प्रधान ओमप्रकाश सिंह, दीवान सिंह, सूबेदार, हवलदार, जल सिंह, करतार सिंह, बलराम सिंह, दिसंबर सिंह, गिर्राज बाबा, दिगंबर पहलवान, मलखान सिंह, कैप्टन मोहन सिंह, रणवीर सिंह और दरोगा जी सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहे।
- आगरा में सनसनीखेज वारदात: सदर थाना क्षेत्र में शिक्षक नेता के भतीजे की गोली मारकर हत्या, इलाके में तनाव - October 10, 2026
- आगरा खंड एमएलसी चुनाव: नाम वापसी की प्रक्रिया पूरी होने के बाद साफ हुई तस्वीर, शिक्षक सीट पर 12 और स्नातक सीट पर 13 उम्मीदवार मैदान में - October 10, 2026
- आगरा के हाथी घाट पर बड़ा हादसा: पितृ अमावस्या पर स्नान के दौरान यमुना में डूबे चाचा-भतीजे, भतीजा सुरक्षित, चाचा की तलाश जारी - October 10, 2026