लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के एक हालिया बयान को लेकर उन पर जोरदार सियासी हमला बोला है। अखिलेश यादव ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) पर मुख्यमंत्री का एक वीडियो शेयर करते हुए तीखी प्रतिक्रिया दी और आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में दलितों, पिछड़ों और शोषितों (पीडीए) का उत्पीड़न और अधिक बढ़ने वाला है।
’पीडीए की स्वीकारोक्ति’ पर अखिलेश का तंज
अखिलेश यादव ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल पर पोस्ट करते हुए लिखा कि मुख्यमंत्री ने अपने चिरपरिचित धमकी भरे अंदाज में खुद इस बात को स्वीकार कर लिया है कि उनके राज में ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक, आधी आबादी और आदिवासी) का उत्पीड़न रुकने वाला नहीं है। उन्होंने कहा कि पीड़ित, दुखी और अपमानित वर्ग के साथ भाजपा सरकार का अन्याय और अत्याचार आगे भी जारी रहेगा।
सपा प्रमुख ने आगे तंज कसते हुए लिखा, “पीडीए को धमकी देती ‘5 सेकंड की ये स्वीकारोक्ति’ पीडीए का दमन करने वाले भाजपाइयों को 5 दशक क्या, 5 सदियों और 5 जन्मों तक सिर उठाकर आंख मिलाने लायक नहीं छोड़ेगी।” उन्होंने कटाक्ष करते हुए यहां तक कह डाला कि जब माननीय को सोते-जागते हर समय सिर्फ ‘पीडीए’ ही दिखता है, तो उन्हें सलाह है कि वे 108 मनकों पर ‘पीडीए’ लिखवाकर उसकी माला से उसका जाप करें, जिससे शायद उनके कुछ पाप कम हो सकें।
’2024 की हार से बिगड़ा संतुलन’
अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधते हुए यह भी कहा कि लोकसभा चुनाव 2024 में मिली हार की वजह से पार्टी का मानसिक संतुलन बिगड़ चुका है, जिसके कारण ऐसे असंतुलित बयान सामने आ रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि अब सत्ता पक्ष के पास अपनी उपलब्धियों के नाम पर बात करने के लिए कोई मुद्दा नहीं बचा है और विकास के स्तर पर भाजपा पूरी तरह दिवालिया हो चुकी है। उन्होंने अंत में कहा कि प्रदेश की जनता अब इन सब बातों से गुमराह होने वाली नहीं है और वे ‘चढ़ावा चोरों’ की बातों को सुनने के बिल्कुल भी मूड में नहीं है।
- अखिलेश यादव का सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा तंज: बोले- ‘स्टूल से कुर्सी पर तो बैठा दिया, पर हाथ उठाने की इजाजत नहीं दी’ - October 8, 2026
- संभल में अनोखी अंतिम यात्रा: 15 किलोमीटर लंबी शव यात्रा में सबसे आगे चले पालतू हाथी ‘मोहन’ और ‘परमा’, वीडियो हुआ वायरल - October 8, 2026
- वाराणसी दौरा: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में टेका मत्था, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहे मौजूद - October 8, 2026