वाराणसी: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन अपने उत्तर प्रदेश के दो दिवसीय प्रवास के दौरान यात्रा के दूसरे दिन वाराणसी पहुंचे। इस दौरान उन्होंने और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने ऐतिहासिक श्री काशी विश्वनाथ मंदिर पहुंचकर देवाधिदेव महादेव के दरबार में हाजिरी लगाई और विधि-विधान से पूजा-अर्चना एवं अनुष्ठान संपन्न किए।
काशी आना एक गहरी परंपरा: नितिन नवीन
बाबा विश्वनाथ के दर्शन और विशेष अनुष्ठान के पश्चात मीडिया से बातचीत करते हुए भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने अपने अनुभव साझा किए। उन्होंने कहा, “जो भी यहां आता है, वह पूरी श्रद्धा से नतमस्तक होता है। बिहार से होने के नाते, काशी आना हमारे लिए एक गहरी परंपरा रही है। मुझे पहले भी कई बार काशी आने और बाबा का आशीर्वाद लेने का मौका मिला है, और उनके दर्शन करना उनके सभी भक्तों के लिए बेहद खास होता है।”
इस दौरान उन्होंने काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की सराहना करते हुए कहा कि इसके भव्य निर्माण और आधुनिक पुनर्विकास ने दुनिया भर से आने वाले हर तीर्थयात्री को मंत्रमुग्ध और प्रफुल्लित कर दिया है। इस अभूतपूर्व विकास कार्य के लिए उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को हृदय से बधाई दी। मंदिर में दर्शन के दौरान उनके साथ उत्तर प्रदेश भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी पूरी श्रद्धा के साथ पूजन-अर्चन में शामिल रहे।
युवा संवाद और संगठनात्मक समीक्षा बैठक
काशी विश्वनाथ मंदिर में दर्शन-पूजन के उपरांत भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ पहुंचे, जहाँ उन्होंने ‘युवा संवाद’ कार्यक्रम के तहत युवाओं के साथ सीधे संवाद किया। इसके बाद उनके रोहनिया स्थित गोकुल धाम रिसॉर्ट जाने का कार्यक्रम है, जहाँ वे पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों, सांसदों, विधायकों और क्षेत्रीय प्रभारियों के साथ आगामी राजनीतिक रणनीतियों और संगठनात्मक तैयारियों को लेकर उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करेंगे।
- अखिलेश यादव का सीएम योगी और डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य पर तीखा तंज: बोले- ‘स्टूल से कुर्सी पर तो बैठा दिया, पर हाथ उठाने की इजाजत नहीं दी’ - October 8, 2026
- संभल में अनोखी अंतिम यात्रा: 15 किलोमीटर लंबी शव यात्रा में सबसे आगे चले पालतू हाथी ‘मोहन’ और ‘परमा’, वीडियो हुआ वायरल - October 8, 2026
- वाराणसी दौरा: बीजेपी राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने श्री काशी विश्वनाथ मंदिर में टेका मत्था, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रहे मौजूद - October 8, 2026