नई दिल्ली/लखनऊ: समाजवादी पार्टी (SP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और उत्तर प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने भारतीय जनता पार्टी (BJP) पर तीखा जुबानी हमला बोला है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर एक तीखा बयान जारी करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा को ‘नशामुक्ति’ की बात करने से पहले पंजाब जाने के बजाय ‘वनस्पतिभोगी’ उत्तर प्रदेश का नंबर लगाना चाहिए। उन्होंने तंज कसते हुए पुरानी कहावत दोहराई— ‘पहले अपने लोग सुधारो, फिर प्रवचन बघारो।’
’कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना’
अखिलेश यादव ने बीजेपी के हालिया बयानों और रणनीतियों पर सवाल उठाते हुए इसे ‘कहीं पर निगाहें, कहीं पर निशाना’ करार दिया। उन्होंने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि सीसीटीवी कैमरों के सामने भाजपाइयों द्वारा सरेआम की गई बेईमानी वाली वह ‘चंडीगढ़ी चाल’ आज भी पूरे देश और पंजाब की जनता को अच्छी तरह याद है। ऐसे में भाजपा किस मुंह से पंजाब में चुनाव लड़ने उतरेगी और क्या उसे यह मालूम नहीं है कि वहां उसकी क्या दुर्गति होने वाली है?
उन्होंने इशारों-इशारों में यह भी कह डाला कि यह ‘नशामुक्ति का बयान’ दरअसल दिल्ली और लखनऊ के बीच चल रही आपसी राजनीतिक लड़ाई में पंजाब के कंधे पर रखकर चलाई गई बंदूक जैसा है। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि कहीं इसके जवाब में लखनऊ वाले यह न कह दें कि वे यूपी को ‘ड्रोन-दूरबीन’ से मुक्त कर देंगे, बाकी जनता सब समझदार है।
उन्होंने मौजूदा राजनीतिक हालात पर तंज कसते हुए कहा कि आपस में टकराता हुआ यह डबल इंजन अब पूरी तरह ‘ट्रबल इंजन’ बन चुका है।
बीजेपी के जुमलों पर बोला करारा हमला
सपा प्रमुख ने केंद्र और राज्य सरकार की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कहा कि जिस तरह भाजपाई जुमलों ने देश को ‘भ्रष्टाचार मुक्त’ कर दिया, जैसे देश को ‘महंगाई मुक्त’ कर दिया, जैसे नोटबंदी ने ‘कालाधन मुक्त’ कर दिया और जैसे बिहार को ‘बाढ़ मुक्त’ कर दिया, ठीक उसी प्रकार ‘नशामुक्ति’ के ये झूठे वादे भी हवा हो जाएंगे। अखिलेश यादव ने दावा किया कि अब देश और प्रदेश की राजनीति में केवल एक ही सच शेष बचा है— और वह यह है कि जनता ने अब पूरी तरह ‘भाजपा से मुक्ति’ पाने का संकल्प ले लिया है।
- आगरा के फतेहपुर सीकरी में सनसनीखेज हत्याकांड का खुलासा: आंखों की कमजोरी बनी महिला की जान की दुश्मन, पहचान लिए जाने के डर से आरोपी ने घोंटा गला, चोरी के लिए घर में घुसा था कातिल - October 4, 2026
- आगरा के निबोहरा में खेत में मिट्टी डालने को लेकर खूनी संघर्ष: ताबड़तोड़ फायरिंग में गोली लगने से किशोरी की मौत, चार घायल - October 4, 2026
- आगरा के ऐतिहासिक कैलाश घाट पर चलाया गया विशेष स्वच्छता अभियान: नीलांचल सेवा ट्रस्ट के सदस्यों ने घंटों श्रमदान कर हटाई गंदगी - October 4, 2026