हिंदी दिवस पर आगरा के केएमआई में काव्यपाठ प्रतियोगिता: पीजीडीएमसी के योगेश शर्मा रहे प्रथम, शिवानी और रोहित ने मारी बाजी

PRESS RELEASE

आगरा। हिंदी दिवस के अवसर पर कन्हैया लाल माणिकलाल मुंशी हिंदी तथा भाषा विज्ञान विद्यापीठ (केएमआई), डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय एवं स्वास्तिक हैंडराइटिंग वेलफेयर ट्रस्ट के संयुक्त तत्वावधान में हिंदी पखवाड़ा उत्सव के अंतर्गत काव्यपाठ प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। प्रतियोगिता में विद्यार्थियों ने हिंदी भाषा के महत्व, राष्ट्रप्रेम और राष्ट्रीय चेतना से ओतप्रोत स्वरचित कविताओं का प्रभावशाली पाठ किया।

प्रतियोगिता में योगेश शर्मा, पीजीडीएमसी, केएमआई ने प्रथम स्थान प्राप्त किया। शिवा ठाकुर, बीए, पं. दीनदयाल संस्थान ने द्वितीय तथा रोहित कुमार प्रजापति, बीए, पं. दीनदयाल संस्थान ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।

प्रतियोगिता के दौरान विद्यार्थियों ने अपनी रचनात्मक प्रतिभा के साथ हिंदी के प्रति सम्मान और भाषा के प्रति अपने भावों को स्वर दिया। प्रतिभागियों की स्वरचित कविताओं में हिंदी की समृद्ध परंपरा, राष्ट्र चेतना और मातृभाषा के गौरव की झलक दिखाई दी।

केएमआई निदेशक प्रो प्रदीप श्रीधर ने बताया कि हिंदी पखवाड़ा उत्सव के अंतर्गत 16 सितंबर को सूर कक्ष, केएमआई में त्वरित भाषण प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। प्रतियोगिता का समय दोपहर 12 से शाम 4 बजे तक रहेगा। प्रतिभागियों को केवल हिंदी भाषा में भाषण देना होगा तथा अंग्रेजी के शब्दों का प्रयोग नहीं किया जा सकेगा। उच्चारण की शुद्धता के साथ प्रत्येक प्रतिभागी को अधिकतम तीन मिनट का समय दिया जाएगा।

विद्यालय स्तर पर हिंदी निबंध लेखन, हिंदी पोस्टर निर्माण और श्लोक लेखन प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। निबंध प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को हिंदी में 250 से 300 शब्दों में विषय प्रस्तुत करना होगा। भाषा, व्याकरण और मात्राओं की शुद्धता पर विशेष ध्यान देना होगा।

हिंदी पोस्टर निर्माण प्रतियोगिता में पोस्टर का विषय हिंदी भाषा पर केंद्रित रहेगा। शीट संस्था की ओर से उपलब्ध कराई जाएगी और प्रत्येक विद्यार्थी एक पोस्टर बना सकेगा। इसमें पेंसिल, क्रेयॉन, जलरंग, ऑयल पेंट सहित विभिन्न रंग सामग्री का प्रयोग किया जा सकेगा।

श्लोक लेखन प्रतियोगिता में विद्यार्थियों को दिए गए श्लोक को स्पष्ट, सुंदर एवं शुद्ध रूप में लिखना होगा। ए-4 आकार की सिंगल लाइन या सादी शीट का प्रयोग किया जा सकेगा। प्रतिभागी पेन, पेंसिल, मोनोलाइन, कैलीग्राफी, मार्कर, ब्रश, स्पार्कल पेन, जलरंग एवं क्रेयॉन आदि का प्रयोग कर सकेंगे। श्लोक में शब्दों की वर्तनी और मात्राओं की शुद्धता का विशेष ध्यान रखना होगा। विद्यार्थी अपना नाम और विद्यालय का नाम भी लिखेंगे।

प्रतियोगिताओं में पंजीकरण क्यूआर कोड/गूगल फॉर्म के माध्यम से निःशुल्क किया जा सकेगा। निर्णायकों का निर्णय अंतिम होगा। प्रत्येक प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को पदक एवं प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे।

प्रतियोगिताओं की समन्वयक डॉ. वर्षा रानी, संस्कृत विभाग, केएमआई हैं। संपर्क नंबर 9671904323 है। विद्यालय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए श्रुति दास, 9411925524 से संपर्क किया जा सकता है।

Dr. Bhanu Pratap Singh