योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता का आशीर्वाद सभी पर बना रहे… सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में की गोवर्धन पूजा, गोशाला में गायों को खिलाई गुड़-रोटी

REGIONAL

लखनऊ/गोरखपुर। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सोमवार को अपने गृह जनपद गोरखपुर स्थित ऐतिहासिक गोरखनाथ मंदिर में पूरे विधि-विधान और वैदिक मंत्रोच्चार के साथ गोवर्धन पूजा का पावन पर्व मनाया। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने मंदिर परिसर स्थित गोशाला में पहुंचकर विशेष पूजा-अर्चना की और अपने हाथों से गौमाता को गुड़-रोटी खिलाकर उनकी सेवा की। सीएम योगी ने इस दौरान समस्त प्रदेशवासियों के जीवन में कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की कामना की।

​गोवर्धन पूजा और पौराणिक महत्व

सनातन संस्कृति के अनुसार, दीपावली के ठीक अगले दिन गोवर्धन पूजा का पर्व अत्यंत हर्षोल्लास के साथ मनाया जाता है। इस दिन गोवर्धन महाराज, गौ माता और गोवर्धन परिक्रमा का विशेष धार्मिक महत्व होता है। पौराणिक मान्यताओं के अनुसार, इसी दिन भगवान श्रीकृष्ण ने अपनी कनिष्ठ अंगुली (छोटी उंगली) पर गोवर्धन पर्वत को उठाकर समस्त ब्रजवासियों और मूक पशुओं-गायों की देवराज इंद्र के कुप्रकोप से रक्षा की थी। साथ ही, इस लीला के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण ने दंभ में चूर देवराज इंद्र का अहंकार भी तोड़ा था।

​सोशल मीडिया पर साझा किया संदेश

​मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर गोवर्धन पूजा की तस्वीरें साझा करते हुए लिखा, “आज गोरखनाथ मंदिर में विधि-विधान से गोवर्धन पूजा कर सबके कल्याण, समृद्धि और शांति की कामना की। इस अवसर पर गोमाता की सेवा का भी सौभाग्य मिला। योगेश्वर भगवान श्रीकृष्ण और गोमाता का आशीर्वाद हम सभी पर सदैव बना रहे।”

​मुख्यमंत्री के इस संदेश के बाद प्रदेशभर में गोवर्धन पूजा का यह पर्व पूरी आस्था, परंपरा और उत्साह के साथ मनाया गया। मंदिरों और घरों में गोबर से गोवर्धन पर्वत बनाकर उनकी पूजा की गई तथा अन्नकूट का प्रसाद वितरित किया गया।

Dr. Bhanu Pratap Singh