बागपत में ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर दर्दनाक हादसा: श्रद्धालुओं से भरी पिकअप डिवाइडर से टकराकर पलटी, छह लोगों की मौत और कई घायल

REGIONAL

बागपत। जनपद के ईस्टर्न पेरीफेरल एक्सप्रेस-वे पर देर रात एक बड़ा और दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। खेकड़ा थाना क्षेत्र के अंतर्गत बड़ागांव कट के पास श्रद्धालुओं से भरी एक तेज रफ्तार पिकअप गाड़ी अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और पलट गई। इस भयानक हादसे में अब तक छह लोगों की मौत हो चुकी है, जबकि लगभग 30 अन्य लोग गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं।

दुर्घटना के बाद वाहन में सवार यात्रियों के बीच चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया और पुलिस की चार पीआरवी (PRV), खेकड़ा थाना पुलिस तथा कई एंबुलेंस तत्काल मौके पर पहुंच गईं।

स्थानीय ग्रामीणों की मदद से वाहन में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया और सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भिजवाया गया। घायलों को सीएचसी खेकड़ा, सीएचसी बागपत और जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जबकि गंभीर रूप से घायल मरीजों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर कर दिया गया है।

राजस्थान से बदायूं जा रहे थे श्रद्धालु

प्राप्त जानकारी के अनुसार, पिकअप में सवार सभी श्रद्धालु राजस्थान से अपनी यात्रा पूरी कर बदायूं की ओर जा रहे थे। बीती रात करीब 12:30 बजे पुलिस को डायल-112 के माध्यम से इस दुर्घटना की सूचना मिली थी। पुलिस की शुरुआती जांच में वाहन के अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराने की बात सामने आई है। इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हुए 14 लोगों को इलाज के लिए मेरठ मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

मेरठ मेडिकल कॉलेज के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक (CMS) डॉ. अजीत चौधरी के मुताबिक, हादसे में अब तक छह लोगों की जान जा चुकी है, जिनमें एक मासूम बच्चा भी शामिल है। अन्य घायलों का इलाज इमरजेंसी वार्ड में युद्धस्तर पर जारी है।

परिजनों की मदद के लिए पुलिस ने जारी किया हेल्पलाइन नंबर

हादसे के तुरंत बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने एक्सप्रेस-वे पर बाधित हुए यातायात को सुचारू कराया और सड़क मार्ग को पूरी तरह सामान्य किया। वर्तमान में मृतकों की पहचान सुनिश्चित करने और उनके परिजनों से संपर्क स्थापित करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। किसी भी असुविधा से बचने और परिजनों की सहायता के लिए पुलिस प्रशासन की ओर से मोबाइल नंबर 9454417383 जारी किया गया है। इस नंबर पर संपर्क करके कोई भी व्यक्ति इस सड़क दुर्घटना में घायल अथवा मृत लोगों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्राप्त कर सकता है। पुलिस दुर्घटना के वास्तविक कारणों की तकनीकी और अन्य पहलुओं से गहराई से जांच कर रही है।

Dr. Bhanu Pratap Singh