आगरा। आगरा नरेश श्याम भक्त सेवा समिति एवं आगरा नरेश पोशाक सेवा समिति के संयुक्त तत्वावधान में बायपास रोड स्थित उत्सव मैरिज होम में आयोजित नंदोत्सव भक्ति, संस्कृति और उल्लास के रंगों से सराबोर रहा। श्याम बाबा के समक्ष दीप प्रज्वलन के साथ कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया गया। इसके पश्चात पूरे वातावरण में भक्तिभाव और उत्सव की उमंग छा गई।
कार्यक्रम के विशेष आकर्षण के रूप में आगामी जनकपुरी महोत्सव में राजा जनक के स्वरूप अशोक कुमार गोयल एवं रानी सुनैना के स्वरूप लता गोयल का संस्था की ओर से अभिनंदन किया गया। उपस्थित लोगों ने दोनों का उत्साहपूर्वक स्वागत करते हुए जनकपुरी महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं।
नंदोत्सव के दौरान ब्रज संस्कृति और धार्मिक आस्था से ओतप्रोत मनोहारी सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए। ब्रज नृत्य की आकर्षक प्रस्तुति ने उपस्थित श्रद्धालुओं और अतिथियों का मन मोह लिया। कलाकारों द्वारा प्रस्तुत राम दरबार, पंचमुखी हनुमान अवतार, श्रीकृष्ण अवतार सहित विभिन्न धार्मिक एवं सांस्कृतिक झांकियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।
एक के बाद एक प्रस्तुतियों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, धार्मिक परंपराओं और ब्रज की लोककला की सुंदर छटा देखने को मिली। कार्यक्रम स्थल देर तक तालियों की गड़गड़ाहट और भक्तिमय उल्लास से गूंजता रहा।
नंदोत्सव की परंपरा को जीवंत करते हुए नंद बाबा के स्वरूप में गौरव अग्रवाल ने उपस्थित लोगों को उपहार वितरित किए।
कार्यक्रम में पारिवारिक मिलन का भी विशेष आयोजन किया गया, जिसमें सभी ने आपसी प्रेम और सौहार्द के साथ दाल-बाटी के स्वादिष्ट व्यंजनों का आनंद लिया।
कार्यक्रम में अध्यक्ष अमन गर्ग, मोहित अग्रवाल, गगन गर्ग, नीरज गर्ग, सौरभ अग्रवाल, सौरभ बंसल, निखिल अग्रवाल, शशांक अग्रवाल, सचिन अग्रवाल, विष्णु अग्रवाल राधे-राधे आदि उपस्थित रहे।
20 सितंबर को लगेगा रक्तदान शिविर
अध्यक्ष अमन गर्ग ने बताया कि संस्था के मासिक सेवा प्रकल्प कार्य के अंतर्गत 20 सितंबर को जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर के एसी हॉल में विशाल रक्तदान एवं स्वास्थ्य परीक्षण शिविर लगाया जाएगा।
- आगरा के ऐतिहासिक गुरुद्वारा गुरु का ताल में दर्शन ड्योढ़ी का भव्य उद्घाटन: रिमझिम वर्षा के बीच संगत को समर्पित हुआ नया प्रवेश द्वार, अब दोगुनी होगी लंगर हॉल की क्षमता - September 6, 2026
- श्याम बाबा की भक्ति और ब्रज संस्कृति के रंग में रंगा नंदोत्सव: राजा जनक-सुनैना के स्वरूपों का हुआ अभिनंदन, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने मोहा मन - September 6, 2026
- Agra News: फतेहाबाद में लूट गैंग से पुलिस की मुठभेड़; हुसैनापुर रोड पर फायरिंग के बाद एक बदमाश के पैर में लगी गोली, दो आरोपी गिरफ्तार - September 6, 2026