आगरा में श्री खाटू श्याम जी मंदिर में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया नंदोत्सव: बच्चों को बांटे गए खिलौने, गूंजे ‘जय कन्हैया लाल की’ के जयकारे

PRESS RELEASE

आगरा। श्री कृष्ण जन्माष्टमी के पावन उल्लास के अगले दिन जीवनी मंडी स्थित श्री खाटू श्याम जी मंदिर में आगरा नरेश श्री श्याम बाबा के दरबार में नंदोत्सव की धूम रही। श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट द्वारा आयोजित इस विशेष उत्सव में मंदिर परिसर भक्तिभाव, उल्लास और बाल-कृष्ण की लीलाओं की मधुर अनुभूति से सराबोर नजर आया।

नंदोत्सव के अवसर पर मंदिर के मुख्य द्वार से लेकर गर्भगृह तक आकर्षक रूप से खिलौनों और रंग-बिरंगे गुब्बारों से विशेष सजावट की गई। उत्सव की छटा देखते ही बन रही थी। मंदिर में प्रवेश करने वाले बच्चों के चेहरे खिल उठे और पूरे दिन वातावरण में बाल गोपाल के जन्मोत्सव की खुशियां बिखरी रहीं।

“नंद के आनंद भयो, जय कन्हैया लाल की…” के जयघोषों के बीच श्रद्धालुओं ने ठाकुर जी और श्याम बाबा के दरबार में अपनी श्रद्धा अर्पित की। सुबह से लेकर देर रात्रि तक मंदिर में आने वाले प्रत्येक बच्चे को ट्रस्ट की ओर से खिलौने वितरित किए गए। बच्चों के उत्साह और भक्तों की प्रसन्नता ने नंदोत्सव को और भी यादगार बना दिया।

मंदिर में विराजमान आगरा नरेश श्री श्याम बाबा का रंग-बिरंगे पुष्पों से मनोहारी श्रृंगार किया गया। बाबा को सुगंधित मखाने और इलायची की विशेष मालाएं अर्पित की गईं, जिससे उनका दिव्य स्वरूप अत्यंत अलौकिक और आकर्षक दिखाई दे रहा था। श्रद्धालु बाबा के मनोहारी दर्शन कर भाव-विभोर हो उठे।

उत्सव के दौरान भक्ति रस से सराबोर भजन संध्या का भी आयोजन किया गया। श्याम प्रेमी भजनों की मधुर स्वर लहरियों पर झूमते नजर आए और पूरा मंदिर परिसर जयकारों से गूंज उठा “हारे के सहारे आजा, तेरा दास पुकारे…”। भक्ति संगीत के बीच श्रद्धालुओं ने श्याम बाबा के चरणों में अपनी आस्था अर्पित की। मंदिर ट्रस्ट की ओर से प्रत्येक भक्त को नंदोत्सव की बधाई स्वरूप उपहार वितरित किए गए तथा सभी श्रद्धालुओं को विशेष प्रसादी ग्रहण कराई गई।

श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट के अध्यक्ष दिनेश चंद्र अग्रवाल ने बताया कि नंदोत्सव का आयोजन श्री कृष्ण जन्माष्टमी के उल्लास को भक्तों के साथ साझा करने के उद्देश्य से किया गया। उन्होंने बताया कि इस विशेष अवसर पर श्रृंगार सेवा श्री श्याम सेवक परिवार समिति, पोशाक एवं इत्र सेवा श्री खाटू श्याम जी मंदिर ट्रस्ट, राजभोग सेवा शिवांग अग्रवाल तथा संध्या भोग सेवा श्री श्याम प्रेमी द्वारा की गई।

इस अवसर पर हेमेंद्र अग्रवाल, संजय अग्रवाल, विपिन बंसल, विकास गोयल, अमित गोयल आदि उपस्थित रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh