650वीं जयंती वर्ष पर आगरा में संत शिरोमणि गुरु रविदास जी को समर्पित 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ का होगा भव्य आयोजन, 8 अगस्त को कैलाश महादेव मंदिर यमुना तट पर जुटेंगे सैकड़ों श्रद्धालु

PRESS RELEASE

आगरा। संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में संत शिरोमणि श्री गुरु रविदास जी महासभा द्वारा 8 अगस्त को आयोजित होने वाले 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ की औपचारिक घोषणा करते हुए गुरुवार को संजय प्लेस स्थित होटल पीएल पैलेस में आमंत्रण पत्र का भव्य विमोचन किया गया। इस अवसर पर महासभा के पदाधिकारियों ने संत रविदास जी के समरसता, समानता, मानवता और सामाजिक सद्भाव के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का संकल्प दोहराया।

महासभा के अध्यक्ष रमेश कर्दम ने बताया कि 8 अगस्त को प्रातः 9:00 बजे कैलाश महादेव मंदिर, यमुना मैया के पावन तट पर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती के अवसर पर 21 कुंडीय समरसता महायज्ञ आयोजित किया जाएगा। महायज्ञ में 500 से अधिक श्रद्धालु वैदिक मंत्रोच्चार के बीच आहुतियां अर्पित कर समाज में समरसता, शांति और भाईचारे की कामना करेंगे। उन्होंने बताया कि महायज्ञ के उपरांत आयोजन स्थल पर ही संत रविदास जी के व्यक्तित्व, कृतित्व और उनके सामाजिक आदर्शों पर आधारित विचार गोष्ठी आयोजित होगी, जिसमें विद्वान वक्ता उनके जीवन-दर्शन पर प्रकाश डालेंगे।

सचिव अभिनव मौर्य ने कहा कि संत शिरोमणि गुरु रविदास जी की 650वीं जन्म जयंती पूरे वर्ष विविध कार्यक्रमों के माध्यम से मनाई जा रही है। इसके अंतर्गत समय-समय पर धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक आयोजन किए जा रहे हैं।

उन्होंने कहा कि संत रविदास जी ने अपने जीवन में जाति-पांति, ऊंच-नीच और भेदभाव का विरोध करते हुए समाज को समानता, प्रेम और मानवता का संदेश दिया। महासभा उन्हीं आदर्शों को आत्मसात करते हुए समाज में एकत्व, समरसता और सामाजिक सद्भाव की भावना को मजबूत करने का कार्य कर रही है।

महासभा के प्रचार प्रमुख विजय सामा ने संत रविदास जी के प्रसिद्ध वाक्य “मन चंगा तो कठौती में गंगा” का उल्लेख करते हुए कहा कि संत रविदास जी ने बाहरी आडंबरों से अधिक मन की पवित्रता, सत्य, सेवा और सदाचार को महत्व दिया। उन्होंने कहा कि यदि मन निर्मल हो तो ईश्वर की कृपा हर स्थान पर प्राप्त होती है। यही संदेश आज भी समाज को जोड़ने और नैतिक मूल्यों को सुदृढ़ करने की प्रेरणा देता है।

आमंत्रण पत्र विमोचन समारोह में महासभा के संरक्षक मानसिंह चौधरी एवं मनोज राजौरा, संघटक मनमोहन निरंकारी, कोषाध्यक्ष सीए संजीव महेश्वरी, उपाध्यक्ष राकेश जाटव, स्वागत महामंत्री हर्ष दिवाकर, सह सचिव डॉ. मीनाक्षी, डॉ. निष्ठा शर्मा, जतिन कुशवाहा, मंगल सिंह, बबीता पाठक, कार्यालय प्रमुख अभिषेक कोटिया, नवीन गौतम, राजेंद्र पाल आदि उपस्थित रहे।

महासभा ने सभी श्रद्धालुओं एवं नागरिकों से 8 अगस्त को आयोजित समरसता महायज्ञ एवं विचार गोष्ठी में सहभागिता कर संत शिरोमणि गुरु रविदास जी के समानता, सेवा और मानवता के संदेश को जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया।

Dr. Bhanu Pratap Singh