Agra News: संजय प्लेस कपड़ा मार्केट में दर्दनाक हादसा, तीसरी मंजिल से गिरकर अज्ञात युवक की मौत, जांच में जुटी पुलिस

Crime

आगरा। थाना हरीपर्वत क्षेत्र स्थित संजय प्लेस के व्यस्त कपड़ा मार्केट में सोमवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। मार्केट के ब्लॉक नंबर-2 में तीसरी मंजिल से गिरकर एक अज्ञात युवक की दर्दनाक मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय व्यापारियों और राहगीरों में हड़कंप मच गया।

​सुबह मिली शव की जानकारी

बताया जा रहा है कि युवक किसी तरह तीसरी मंजिल से नीचे आ गिरा। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। सुबह जब लोग मार्केट पहुंचे, तो शव पड़ा देख दंग रह गए। सूचना पाकर मौके पर पहुंची हरीपर्वत पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पोस्टमार्टम के लिए भिजवाया।

हादसा या साजिश? पुलिस कर रही जांच

फिलहाल मृतक की शिनाख्त नहीं हो सकी है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि घटना के कारणों का पता लगाया जा सके। पुलिस का प्राथमिक अनुमान है कि युवक का पैर फिसला होगा या यह हादसा रात के अंधेरे में हुआ होगा, क्योंकि संबंधित ब्लॉक में सुरक्षा के लिए ग्रिल नहीं लगी है। पुलिस हर पहलू से मामले की जांच कर रही है और मृतक की पहचान के लिए प्रयास तेज कर दिए गए हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh