नई दिल्ली। संसद के मॉनसून सत्र में हिस्सा लेने पहुंचे समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने केंद्र और राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने भाजपा सरकार की तुलना ऐतिहासिक आक्रांताओं से करते हुए कहा कि जो काम विदेशी लुटेरे और आक्रांता किया करते थे, आज वही भाजपा कर रही है।
’भाजपा में अहंकार है’
अखिलेश यादव ने भाजपा के कार्यप्रणाली पर कड़ा रुख अपनाते हुए कहा कि सरकार में अहंकार भर गया है। उन्होंने कहा, “विदेशी लुटेरों ने पहले मंदिर और विश्वविद्यालय तोड़े थे, और आंदोलनकारियों को प्रताड़ित किया था। आज की भाजपा सरकार भी वैसा ही आचरण कर रही है।”
पेपर लीक और आरक्षण का मुद्दा
पेपर लीक कांड को लेकर सरकार को घेरते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि जितने भी लोग पेपर लीक में शामिल पाए जा रहे हैं, वे सभी भाजपा से जुड़े हुए हैं, लेकिन अफसोस की बात यह है कि अब तक कोई भी बड़ा दोषी पकड़ा नहीं गया है। उन्होंने युवाओं के रोजगार पर बात करते हुए कहा, “सरकार युवाओं को नौकरी इसलिए नहीं दे रही है क्योंकि उन्हें आरक्षण देना पड़ेगा। आरक्षण से बचने के लिए ही यह सरकार भर्तियों को लटका रही है।”
राम मंदिर में चोरी पर उठाए सवाल
अयोध्या के राम मंदिर में हुई चोरी के मामले पर दुख जताते हुए अखिलेश यादव ने कहा, “मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु राम जी के मंदिर में चोरी हो जाना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है।” साथ ही उन्होंने लखनऊ और दिल्ली की राजनीति के बीच के अंतर्विरोधों का संकेत देते हुए कहा कि कहीं न कहीं यह लगता है कि ‘लखनऊ वाले दिल्ली वालों को नीचा दिखाना चाहते हैं।’ संसद सत्र की शुरुआत के साथ ही अखिलेश यादव के इन बयानों ने राजनीतिक हलकों में हलचल बढ़ा दी है।
- Agra News: दीपावली से पहले वेतन, बोनस और एरियर भुगतान की मांग, नगर निगम को सौंपा ज्ञापन - October 14, 2026
- …दूसरे की बरात में कब तक सहबाला बनेंगे? दिल्ली के विरोध प्रदर्शन से अखिलेश की वायरल तस्वीर पर ओपी राजभर का तंज - October 14, 2026
- 2014 का चर्चित पशुपालन विभाग भर्ती घोटाला: ईओडब्ल्यू ने गोमती नगर से रिटायर्ड आईएएस योगेश कुमार को किया गिरफ्तार - October 14, 2026