आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र में विकास को मिली नई रफ्तार: कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने रामजीत नगर में किया सड़क निर्माण का भूमिपूजन

स्थानीय समाचार

आगरा। आगरा दक्षिण विधानसभा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति देते हुए मुख्यमंत्री त्वरित आर्थिक विकास योजना के अंतर्गत अलबतिया क्षेत्र स्थित रामजीत नगर में सड़कों के निर्माण कार्य का विधिवत भूमिपूजन कर शुभारंभ किया गया। यह विकास कार्य क्षेत्रवासियों को बेहतर आवागमन सुविधा उपलब्ध कराने के साथ-साथ स्थानीय आधारभूत संरचना को और अधिक सुदृढ़ करेगा। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश सरकार के उच्च शिक्षा एवं कैबिनेट मंत्री और स्थानीय विधायक योगेंद्र उपाध्याय ने सड़क निर्माण कार्य का शुभारंभ करने के बाद आयोजित जनता की चौपाल में क्षेत्रवासियों से सीधा संवाद किया।

डबल इंजन सरकार की प्राथमिकताओं में विकास सर्वोपरि: योगेंद्र उपाध्याय

जनता की चौपाल में उपस्थित जनसमुदाय को संबोधित करते हुए कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ने कहा, “जनसेवा, विकास एवं विश्वास के संकल्प के साथ आगरा दक्षिण निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर है। हमारी सरकार का एकमात्र ध्येय अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है।” उन्होंने अपने वक्तव्य में  प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और  मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के कुशल नेतृत्व की सराहना करते हुए कहा कि आज उत्तर प्रदेश सुशासन और अभूतपूर्व विकास कार्यों के बल पर देश में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

जनकल्याणकारी योजनाओं से बदल रहा आमजन का जीवन
कैबिनेट मंत्री ने उपस्थित जनता के बीच केंद्र और प्रदेश सरकार द्वारा संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की उपलब्धियां साझा कीं। उन्होंने कहा कि आज मुफ्त राशन, आयुष्मान भारत के तहत मुफ्त इलाज, पीएम आवास योजना और हर घर नल से जल जैसी योजनाएं धरातल पर उतरकर आमजन के जीवन को सुगम बना रही हैं। तुष्टिकरण की जगह संतुष्टिकरण की राजनीति से समाज के हर वर्ग का सशक्तिकरण हो रहा है।

स्थानीय बुनियादी ढांचे को मिलेगी मजबूती

रामजीत नगर (अलबतिया) में शुरू हुए इस सड़क निर्माण कार्य को लेकर स्थानीय निवासियों में भारी उत्साह देखा गया। वर्षों पुरानी मांग पूरी होने पर क्षेत्रवासियों ने कैबिनेट मंत्री का आभार व्यक्त किया। इस निर्माण कार्य से न केवल जलभराव और जर्जर रास्तों की समस्या से मुक्ति मिलेगी, बल्कि आसपास के पूरे इलाके की कनेक्टिविटी भी बेहतर होगी।

मंत्री  ने विभागीय अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि निर्माण कार्य में गुणवत्ता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा और इसे तय समय सीमा के भीतर पूरा किया जाएगा ताकि जनता को जल्द से जल्द इसका लाभ मिल सके।

चौपाल के दौरान उपस्थित प्रबुद्ध जनों और स्थानीय निवासियों ने कैबिनेट मंत्री के समक्ष अपनी बातें रखीं, जिसका उन्होंने मौके पर ही निस्तारण करने के निर्देश दिए।

इनकी रही मौजूदगी

विकास योजना के शुभारंभ के दौरान प्रमुख रूप से कैबिनेट मंत्री योगेंद्र उपाध्याय ,डॉ अलौकिक उपाध्याय , मंडल अध्यक्ष पंडित देवेश पचौरी, भगवान शर्मा , पार्षद मीनाक्षी वर्मा, अविनाश भट्ट, संतोषी लाल वर्मा, मंजू कुशवाह, डॉ हरिकृपा शुक्ला, पूजा शर्मा, ठाकुर मुनेश परमार, मोहित पांडेय, डॉ प्रदीप उप्रेती, बबलू चाहर, रविकांत उपाध्याय, पदम सिंह, राजवीर धाकड़, अनुज रोचानी भाजपा कार्यकर्ता और क्षेत्रीय निवासी मौजूद रहे।

Dr. Bhanu Pratap Singh