सपा सुप्रीमो अखिलेश यादव ने शंकराचार्य से मुलाकात कर लिया आशीर्वाद, बोले- हमारे धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप…

REGIONAL

लखनऊ: सपा सुप्रीमों एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने गुरुवार सुबह 8 बजे शंकराचार्य स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद से मुलाकात कर आशीर्वाद लिया। इस दौरान अखिलेश जमीन पर बैठे नजर आए। 30 मिनट बाद अखिलेश बाहर आए।

उन्होंने मीडिया से कहा- शंकराचार्यजी गोमाता को लेकर बहुत चिंतित हैं। वह रास्ता निकाल रहे हैं कि किसी भी तरीके से गोमाता को राष्ट्रीय सम्मान मिल जाए। सपा सुप्रीमों ने ट्विटर (X) पर पोस्ट करते हुए लिखा है की आज प्रातः काल पूज्य शंकराचार्य जी के दर्शन एवं आशीर्वाद के सौभाग्यशाली क्षण और सनातन पर आए संकट को दूर करने व अधर्मियों के चंगुल से धर्म को मुक्ति दिलाने के लिए सार्थक वार्ता।

राम मंदिर चढ़ावा चोरी पर अखिलेश ने कहा- हमारे धर्म में चढ़ावे की चोरी महापाप है। इन्होंने महापाप किया है। भाजपा में भगदड़ शुरू भी हो गई है। बहुत सारे लोग मुझसे अभी से संपर्क करने लगे हैं। SIT सिर्फ लीपापोती कर रही है।

वहीं, शंकराचार्य ने अखिलेश से बातचीत में कहा- मंदिर में घोटाला हुआ है। कार्रवाई कर रहे हैं मुख्यमंत्रीजी? वह कह रहे हैं- कार्रवाई होगी। कार्रवाई तो होगी, लेकिन जब नया मुख्यमंत्री आएगा, तब तगड़ी कार्रवाई करेगा।

दरअसल, शंकराचार्य 81 दिन की ‘गाय को राष्ट्रमाता का दर्जा दिलाने’ के लिए गविधि (गोरक्षार्थ-धर्मयुद्ध) यात्रा निकाल रहे हैं। इसी के तहत वह बुधवार को लखनऊ पहुंचे थे। वह फैजुल्लागंज इलाके के जगन लाल यादव गेस्ट हाउस में रात रुके।

अखिलेश की शंकराचार्य से 4 महीने में यह दूसरी मुलाकात है। इससे पहले 12 मार्च को लखनऊ में ही मुलाकात की थी।
अखिलेश ने कहा- भाजपा के विचार वोट के लिए बदलते हैं उनके लिए धर्म नहीं, धन प्राथमिकता है। जिन्होंने जिम्मेदारी दी थी, वे कहां हैं? जिन पर जिम्मेदारी थी, वे कहां हैं? यह समय ऐसा है कि सबकुछ रिकॉर्ड में है। हम सब देख और समझ सकते हैं। इस समय दुनियाभर के सनातनी चिंतित हैं। भाजपा ने अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम की मर्यादा को तोड़-मरोड़कर रख दिया। अपने स्वार्थ में न जाने क्या-क्या किया है।

अखिलेश ने कहा- विपक्ष पर FIR हो रही है। विपक्ष की FIR नहीं लिखी जा रही। मंदिर परिसर में जो लोग काम करते थे। उन सबकी CDR निकाली जाए। 99% लोग भाजपाई निकलेंगे। उसके बाद भाजपा में भगदड़ मचेगी, जिसकी आप कल्पना नहीं कर सकते।। SIT लीपापोती कर रही है। सुनने में आया कि SIT पर भी सवाल खड़े हो गए। एक सदस्य पर 420 का मुकदमा है। यह लड़ाई बड़ी है। यह दिल्ली-लखनऊ की लड़ाई है। आप नहीं समझ पा रहे हैं।

Dr. Bhanu Pratap Singh