आगरा। आगरा-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर बुधवार सुबह तेज रफ्तार एक बार फिर भारी पड़ गई। महुअर के पास किरावली की ओर से आ रही राजस्थान रोडवेज की एक बस आगे चल रहे ट्रक से पीछे से जा टकराई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। हादसे में नौ यात्री गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि बस में सवार करीब 50 अन्य यात्रियों को हल्की चोटें आईं। दुर्घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया और कुछ समय के लिए यातायात भी प्रभावित रहा।
प्रत्यक्षदर्शियों और बस में सवार यात्रियों के अनुसार, बस काफी तेज गति से चल रही थी। सामने चल रहा ट्रक सामान्य रफ्तार में था, लेकिन बस चालक समय रहते वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सीधे ट्रक के पिछले हिस्से से जा भिड़ी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह पिचक गया। कई यात्रियों को सीटों और बस के ढांचे के बीच फंसने से चोटें आईं। हादसे के बाद यात्रियों में दहशत फैल गई।
हादसे के बाद सबसे पहले आसपास के लोग और हाईवे से गुजर रहे राहगीर मौके पर पहुंचे। लोगों ने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला और घायलों को तत्काल निजी वाहनों तथा एंबुलेंस की मदद से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली पहुंचाया। हैरानी की बात यह रही कि हादसे की सूचना स्थानीय पुलिस को तत्काल नहीं मिल सकी। शुरुआती राहत और बचाव का पूरा जिम्मा आम लोगों ने संभाला।
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र किरावली में डॉक्टरों की टीम ने सभी घायलों का तत्काल उपचार शुरू किया। चिकित्सक डॉ. भानू प्रताप सिंह ने बताया कि घायलों में तीन युवक 18 से 19 वर्ष आयु वर्ग के हैं। सभी का प्राथमिक उपचार किया गया और उनकी हालत पर लगातार नजर रखी गई।
घायलों में भरतपुर निवासी अभिमन्यु, शिखा, सुनील कुमार और आशीष कुमार, डींग के सिनसिनी निवासी विजय, बहराइच निवासी राहुल प्रजापति, धर्मप्रकाश, नितिन कुमार तथा विजय शामिल हैं। राहत की बात यह रही कि प्राथमिक उपचार के बाद सभी घायलों की स्थिति सामान्य पाई गई और उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई।
इस हादसे ने एक बार फिर आगरा-जयपुर हाईवे पर तेज रफ्तार वाहनों और सड़क सुरक्षा को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं। लगातार हो रहे सड़क हादसों के बावजूद कई चालक गति सीमा का पालन नहीं कर रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर नियमित निगरानी और सख्त कार्रवाई से ऐसे हादसों पर अंकुश लगाया जा सकता है।
- बाबा बर्फानी के अंतर्ध्यान होने के बाद भी नहीं थम रहा भक्तों का जोश, जम्मू से रवाना हुआ अब तक का सबसे बड़ा जत्था - July 8, 2026
- फतेहपुर सीकरी में पर्यटन को लगेंगे पंख: 6 करोड़ की विकास परियोजनाओं को एडीए से मिली हरी झंडी - July 8, 2026
- Agra News: करोड़ों की ठगी करने वाले सत्य प्रकाश तित्तल को नहीं मिली राहत, जिला जज ने खारिज की जमानत, जेल में ही कटेगी रातें - July 8, 2026