अयोध्या। राम मंदिर में चढ़ावे की चोरी को लेकर पिछले कुछ समय से चल रहे आरोपों के बाद सोमवार को राम मंदिर ट्रस्ट की एक बेहद महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। करीब तीन घंटे तक चली इस मैराथन बैठक के बाद, ट्रस्ट ने मंदिर में प्राप्त आभूषणों और बहुमूल्य धातुओं की सुरक्षा को लेकर स्थिति स्पष्ट करते हुए सभी अफवाहों को सिरे से खारिज कर दिया।
ट्रस्ट के कोषाध्यक्ष स्वामी गोविंद देव गिरि महाराज ने मीडिया के सामने स्थिति साफ करते हुए कहा कि, “हमारे पास मंदिर में प्राप्त 2800 से अधिक वस्तुओं का पूरा रिकॉर्ड सुरक्षित है और दान में मिली सभी वस्तुएं पूरी तरह महफूज हैं।”
चोरी के दावों को बेबुनियाद बताते हुए ट्रस्ट ने उन दान की वस्तुओं को भी प्रदर्शित किया, जिन पर सवाल उठाए जा रहे थे। इस दौरान स्वर्णांकित रामचरितमानस, काकभुशुंडी, भगवान का कंठा, और चरण पादुकाएं सहित अन्य बहुमूल्य सामान मीडिया के सामने दिखाए गए।
स्वामी गोविंद देव गिरि ने स्पष्ट किया कि यदि किसी दानदाता को अपनी दान की हुई वस्तु के बारे में कोई संदेह है या उसे देखना चाहता है, तो वह आवश्यक प्रमाण पेश कर मंदिर आकर स्वयं अपनी वस्तु देख सकता है।
स्वामी गोविंद देव गिरि ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान दान का पूरा रजिस्टर भी सार्वजनिक किया। उन्होंने कहा, “हम इन सभी कीमती चीजों का रिकॉर्ड रखने वाला रजिस्टर भी साथ लाए हैं। हम उन सभी वस्तुओं का विस्तृत विवरण पेश करने को तैयार हैं, जिनकी चर्चा हो रही है। हमारे पास 2800 वस्तुओं की एक स्पष्ट सूची वाला रजिस्टर मौजूद है और ये सभी चीजें अपनी जगह सुरक्षित हैं। आज जो पांच खास चीजें हमने आपको दिखाई हैं, वे सिर्फ आपको भरोसा दिलाने के लिए नमूने के तौर पर पेश की गई हैं।”
इस बैठक के बाद से ट्रस्ट ने यह संदेश देने की कोशिश की है कि मंदिर प्रशासन दान की गई हर एक वस्तु के प्रति पूरी तरह जवाबदेह है और पारदर्शिता के साथ उनका प्रबंधन कर रहा है।
- आगरा में कोली गर्जना महासंघ का प्रथम स्थापना दिवस: केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने समाज को एकता और शिक्षा का दिया संदेश - July 6, 2026
- ’ग्रीन आगरा–स्वस्थ आगरा’ का संकल्प: महापौर हेमलता दिवाकर ने अंकोल का पौधा रोपित कर शुरू किया वृक्षारोपण महाभियान - July 6, 2026
- आगरा के सर्व ओमेक्स मॉल में हुड़दंग: कार सवार नाबालिगों ने पार्किंग में फोड़े पटाखे, मची अफरा तफरी - July 6, 2026