नई दिल्ली। देश की राजनीति में इन दिनों आस्था और प्रतीकों का इस्तेमाल एक बड़े विवाद का कारण बन गया है। मामला भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के स्वागत से जुड़ा है। आरोप है कि इस दौरान एक कलाकार ने हनुमान जी का स्वरूप धारण किया था, लेकिन उसके हाथ में पार्टी का झंडा थमाकर उसे जुलूस में शामिल किया गया। इस दृश्य के सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद विपक्षी दलों ने भाजपा को निशाने पर ले लिया है।
विपक्ष ने भाजपा पर बोला हमला
कांग्रेस पार्टी ने अपने आधिकारिक ‘एक्स’ (पूर्व में ट्विटर) हैंडल पर इस घटना का वीडियो साझा करते हुए भाजपा पर कड़ा प्रहार किया। पार्टी ने लिखा कि भगवान श्रीराम के चढ़ावे की चोरी के बाद अब हनुमान जी का यह अपमान भाजपा का असली चेहरा उजागर करता है। कांग्रेस ने तंज कसते हुए कहा कि आस्था वोट बटोरने का साधन नहीं है, और जिस तरह से भाजपा ने अहंकार में मर्यादाओं को लांघा है, उसका अंत निश्चित है।
आम आदमी पार्टी (आप) ने भी इस मुद्दे पर तीखी प्रतिक्रिया दी। पार्टी ने कटाक्ष करते हुए कहा, “जब नाश मनुज पर छाता है, पहले विवेक मर जाता है।” आप ने आरोप लगाया कि भाजपा के ‘पापों का घड़ा’ अब भर चुका है और सत्ता के अहंकार में पार्टी ने आस्था के हर पैमानों को ताक पर रख दिया है।
सोशल मीडिया पर छिड़ी बहस
घटना के सामने आने के बाद सोशल मीडिया यूजर्स ने भी सवाल खड़े किए हैं। दिनेश पुरोहित नामक एक यूजर ने वीडियो शेयर करते हुए लिखा कि यदि यही कृत्य किसी अन्य राजनीतिक दल की रैली में हुआ होता, तो भाजपा और उसके समर्थक पूरे देश में विरोध-प्रदर्शन कर रहे होते। उन्होंने हिंदू संगठनों की चुप्पी पर भी सवाल उठाते हुए पूछा कि क्या ऐसे आयोजनों से अब किसी की धार्मिक भावनाएं आहत नहीं हो रही हैं?
क्या है पूरा मामला?
वायरल हो रहे वीडियो में स्पष्ट देखा जा सकता है कि भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के स्वागत के दौरान एक व्यक्ति हनुमान जी की वेशभूषा में है। आरोप है कि आयोजन के दौरान उस कलाकार के हाथ में भाजपा का झंडा थमा दिया गया। यह मामला अब राजनीतिक गलियारों में चर्चा का विषय बन गया है। भाजपा की ओर से अभी तक इस पर कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है, लेकिन विपक्षी दल इस मुद्दे को आने वाले दिनों में और अधिक आक्रामक तरीके से उठाने की तैयारी में हैं।
- आगरा में कोली गर्जना महासंघ का प्रथम स्थापना दिवस: केंद्रीय मंत्री प्रो. एस.पी. सिंह बघेल ने समाज को एकता और शिक्षा का दिया संदेश - July 6, 2026
- ’ग्रीन आगरा–स्वस्थ आगरा’ का संकल्प: महापौर हेमलता दिवाकर ने अंकोल का पौधा रोपित कर शुरू किया वृक्षारोपण महाभियान - July 6, 2026
- आगरा के सर्व ओमेक्स मॉल में हुड़दंग: कार सवार नाबालिगों ने पार्किंग में फोड़े पटाखे, मची अफरा तफरी - July 6, 2026