लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन शनिवार को उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ पहुँचे, जहाँ उनका जोरदार और भव्य स्वागत किया गया। चौधरी चरण सिंह एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने स्वयं पहुँचकर पुष्पगुच्छ और भगवा अंगवस्त्र भेंट कर उनका अभिवादन किया। अपने प्रवास के दौरान नितिन नवीन ने पार्टी पदाधिकारियों और जिला अध्यक्षों के साथ संगठनात्मक बैठक की और 2027 के विधानसभा चुनाव के लिए जीत का मंत्र दिया।
भाजपा पदाधिकारियों को संबोधित करते हुए नितिन नवीन ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 में उत्तर प्रदेश में लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ ‘डबल इंजन’ की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा, “डबल इंजन की सरकार ने विकास कार्यों के नए कीर्तिमान स्थापित किए हैं। प्रधानमंत्री मोदी और मुख्यमंत्री योगी की जोड़ी ने उत्तर प्रदेश को ‘उत्तम प्रदेश’ के रूप में स्थापित किया है।”
विपक्ष पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के पास जनता के बीच ले जाने के लिए कोई ठोस मुद्दा नहीं है। यही कारण है कि वे जनता का ध्यान भटकाने के लिए नकारात्मक राजनीति का सहारा ले रहे हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को सतर्क करते हुए कहा, “हमें विपक्ष के किसी भी झांसे में नहीं आना है। हमें केवल उत्तर प्रदेश के सर्वांगीण विकास के लिए काम करना है।”
नितिन नवीन ने कार्यकर्ताओं को जमीनी स्तर पर जुड़ने का सुझाव दिया। उन्होंने कहा, “यदि किसी के दिल में जगह बनानी है, तो उस तक खुद पहुंचना होगा। आपको हर गांव में प्रवास करना है और हर घर व हर व्यक्ति तक पहुंचना सुनिश्चित करना है।” उन्होंने जोर दिया कि केंद्र और राज्य सरकार की जनहितैषी योजनाओं को हर मतदाता तक प्रभावी ढंग से पहुँचाना कार्यकर्ताओं की प्राथमिकता होनी चाहिए।
अपने लखनऊ दौरे के अनुभव साझा करते हुए उन्होंने कहा, “प्रभु श्रीराम की भूमि, बाबा विश्वनाथ की नगरी और मथुरा की पावन धरा के प्रति जो सम्मान मुझे मिला है, मैं उससे अभिभूत हूँ।” सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर भी उन्होंने इस बैठक की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी के साथ उन्होंने संगठनात्मक गतिविधियों और आगामी कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की है।
- अयोध्या राम मंदिर चंदा मामला: सोने से मढ़ी रामचरितमानस भी हुई गायब, पूर्व IAS बोले- 5 करोड़ कीमत थी, चंपत राय ने रसीद नहीं दी, अब कहा- मैं कुछ नहीं कर सकता - July 4, 2026
- लखनऊ अग्निकांड पर हाईकोर्ट की योगी सरकार पर सख्त टिप्पणी: ’15 युवाओं की मौत राज्य की दयनीय स्थिति का प्रमाण’, अफसरों की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल - July 4, 2026
- आगरा के शिवहरे समाज की अनूठी पहल: स्व. अतुल शिवहरे की स्मृति में आयोजित शिविर में हुआ 55 यूनिट रक्तदान - July 4, 2026