राम मंदिर चढ़ावा विवाद: चंपत राय बोले- ‘कलंक लेकर अयोध्या से नहीं जाऊंगा, टिन्नू यादव ने दिया धोखा’

REGIONAL

अयोध्या। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय राम मंदिर में कथित चढ़ावा चोरी के मामले में उठे सवालों के बीच पहली बार मुखर हुए हैं। करीबियों से अनौपचारिक चर्चा के दौरान उन्होंने अपनी व्यथा साझा करते हुए कहा कि, “अयोध्या में मेरी सेवा पूरी हो चुकी है, मंदिर बन गया है। मैं कोई कलंक लेकर अयोध्या से नहीं जाऊंगा।”

सूत्रों के अनुसार, चंपत राय ने इस मामले के मुख्य आरोपी टिन्नू यादव का जिक्र करते हुए गहरा दुख व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि टिन्नू यादव ने उन्हें धोखा दिया है, ऐसी विश्वासघात की उम्मीद उन्हें कभी नहीं थी।

सादा जीवन और अटूट आस्था

तीर्थ क्षेत्र पुरम में 80 वर्षीय चंपत राय का निवास अत्यंत साधारण है। उनके बिस्तर के पास भगवान राम की एक छोटी सी प्रतिमा विराजमान है। जब उनके करीबी सहयोगियों ने इन आरोपों के बाद उनकी सेहत और भविष्य को लेकर चिंता जताई, तो चंपत राय ने बिना विचलित हुए राम मूर्ति की ओर इशारा किया और कहा कि, “मुझे किस बात की चिंता है? जिसने ये आरोप लगवाए हैं, वही इन्हें हटाएगा।”

फिलहाल, चढ़ावा चोरी मामले में उठ रहे सवालों के बीच चंपत राय एसआईटी की फाइनल रिपोर्ट आने तक एकांतवास में हैं। माना जा रहा है कि रिपोर्ट सार्वजनिक होने के बाद ही वे अपना विस्तृत पक्ष रखेंगे।

​अजय राय की अयोध्या यात्रा और तनातनी

इस बीच, कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय की अयोध्या यात्रा ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। लगभग 20 घंटे तक नजरबंद रहने के बाद मंगलवार रात 9 बजे पुलिस ने अजय राय को हनुमानगढ़ी और रामलला के दर्शन कराए। दर्शन के उपरांत उन्होंने कहा कि, “जब प्रभु बुलाते हैं, तो कोई शासन या सत्ता नहीं रोक सकती। मैं महादेव का भक्त हूं। प्रभु से बस यही प्रार्थना की है कि जो चोरी हो रही है, उन्हें कठोर दंड मिले।”

गौरतलब है कि सोमवार देर रात से ही कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष को उनके आवास पर नजरबंद कर दिया गया था। साथ ही, कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेताओं, जिनमें प्रयागराज से सांसद उज्ज्वल रमण सिंह और बाराबंकी के पूर्व राज्यसभा सांसद एपी गौतम शामिल हैं, को भी घरों से बाहर निकलने की अनुमति नहीं दी गई थी। कांग्रेस का 9 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल दर्शन के लिए अयोध्या आने वाला था।

​इस घटनाक्रम पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय राय की पत्नी रीना राय ने सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके पति की आवाज को दबाने के लिए प्रशासन किसी भी हद तक जाने को तैयार है और सहयोगियों को भटकाने के लिए गलत जानकारी दी जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि ‘चढ़ावा चोरों’ के खिलाफ उनकी लड़ाई हर हाल में जारी रहेगी।

Dr. Bhanu Pratap Singh