भाजपा योजनाबद्ध तरीके से देश के मंदिर ट्रस्टों पर कब्जा कर रही है… कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने लगाए गंभीर आरोप

POLITICS

नई दिल्ली। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और राज्यसभा सदस्य राजीव शुक्ला ने शुक्रवार को पार्टी मुख्यालय में आयोजित एक पत्रकार वार्ता के दौरान राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले को लेकर भाजपा और आरएसएस पर तीखे प्रहार किए। उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में चंदे और चढ़ावे की भयानक लूट हुई है।

​राजीव शुक्ला ने कहा कि भगवान श्री राम की आस्था के नाम पर देश के गांवों से और गरीब लोगों से जो चंदा इकट्ठा किया गया था, उसे लूट लिया गया है। उन्होंने एफआईआर (FIR) पर सवाल उठाते हुए कहा कि जब मामला दर्ज हुआ, तो उसमें केवल छोटे कर्मचारियों के नाम डाले गए हैं। उन्होंने प्रश्न किया, “क्या बड़े-बड़े लोगों की मिलीभगत के बिना कोई छोटा कर्मचारी CCTV बंद करके हजारों करोड़ के चंदे की चोरी कर सकता है?”

​कांग्रेस नेता ने भाजपा के पिछले चुनावी नारे—’जो राम को लाए हैं, उन्हें सत्ता में लाइए’—का जिक्र करते हुए कहा, “अब जिन्होंने भगवान राम के नाम पर लूट की है, उनकी सजा क्या होनी चाहिए?” उन्होंने आरोप लगाया कि राम मंदिर में नकद चढ़ावे को कम करके दिखाया जाता था और महिलाओं द्वारा चढ़ाए गए आभूषणों का तो कोई रिकॉर्ड ही नहीं बनाया गया। उन्होंने स्पष्ट किया कि भाजपा-आरएसएस ने लोगों की आस्था को धोखा दिया है।

​राजीव शुक्ला ने भाजपा के ‘मंदिर प्रकोष्ठ’ पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि ऐसा पहले कभी नहीं सुना गया कि किसी राजनीतिक दल में ऐसा कोई प्रकोष्ठ बना हो। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा योजनाबद्ध तरीके से देश के मंदिर ट्रस्टों पर कब्जा कर रही है। उन्होंने कहा, “इनकी मंशा यह रहती है कि पहले ट्रस्ट में अपने लोगों को बैठाओ, फिर चंदे और चढ़ावे को हड़पकर उसका राजनीतिक इस्तेमाल करो।”

​अंत में, राजीव शुक्ला ने कांग्रेस की ओर से मांग दोहराई कि इस पूरे मामले की जांच सुप्रीम कोर्ट की निगरानी में होनी चाहिए। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से इस मामले में हस्तक्षेप कर सख्त कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही, उन्होंने राम मंदिर ट्रस्ट को भंग करने और उसमें से राजनीतिक लोगों को हटाकर साधु-संतों एवं धार्मिक व्यक्तियों को शामिल करने की पुरजोर वकालत की।

Dr. Bhanu Pratap Singh