Agra News: संजय प्लेस शू मार्केट के व्यापारियों को बड़ी राहत, एडीए ने एनओसी की समय-सीमा 10 जुलाई तक बढ़ाई

स्थानीय समाचार

आगरा: संजय प्लेस स्थित जूता मार्केट के दुकानदारों के लिए राहत भरी खबर है। ‘द आगरा शू फैक्टर्स फैडरेशन’ के अनुरोध को स्वीकार करते हुए आगरा विकास प्राधिकरण (एडीए) ने अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्राप्त करने की अंतिम तिथि 20 जून से बढ़ाकर 10 जुलाई 2026 कर दी है। फैडरेशन ने व्यापारियों से इस बढ़े हुए समय का लाभ उठाते हुए म्यूटेशन और एनओसी की प्रक्रिया को शीघ्र पूरा करने का आग्रह किया है।

दुकान निरस्त होने की चेतावनी

हींग की मंडी स्थित फैडरेशन कार्यालय में पत्रकारों से बात करते हुए अध्यक्ष विजय सामा ने स्पष्ट किया कि एडीए ने 167 दुकानों को नोटिस जारी किए थे। ये वे दुकानें हैं जहाँ जूता व्यापार के बजाय अन्य व्यावसायिक गतिविधियां संचालित की जा रही थीं या जो लंबे समय से बंद पड़ी थीं।

चिंताजनक बात यह है कि अब तक मात्र 14 दुकानदारों ने ही एनओसी ली है, जबकि 80 से अधिक दुकानों का म्यूटेशन लंबित है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि निर्धारित समय सीमा के भीतर प्रक्रिया पूरी नहीं होती है, तो दुकानों का आवंटन निरस्त हो सकता है, जिसके लिए दुकानदार स्वयं जिम्मेदार होंगे।

​आवंटन के उद्देश्यों के विरुद्ध हो रहा प्रयोग

विजय सामा ने बताया कि शू मार्केट की ये दुकानें जूता उद्योग को बढ़ावा देने के लिए रियायती दरों पर लीज पर दी गई थीं। लेकिन वर्तमान में कई दुकानदार इन्हें किराये पर दे चुके हैं या बेच चुके हैं। कुछ दुकानों में जूते के स्थान पर कोचिंग सेंटर और स्पा जैसी गतिविधियां चलाई जा रही हैं, जो आवंटन की शर्तों के पूरी तरह विपरीत है। उन्होंने दुकानदारों से अपील की कि वे दुकान का उपयोग केवल उसी उद्देश्य के लिए करें, जिसके लिए उन्हें आवंटित की गई थी।

​दलालों से रहें सावधान

फैडरेशन अध्यक्ष ने दुकानदारों को दलालों से सतर्क रहने की भी सलाह दी है। उन्होंने कहा कि किसी भी दलाल के बहकावे में आने के बजाय व्यापारी सीधे फैडरेशन कार्यालय या एडीए के अधिकारियों से संपर्क करें। किराये पर दुकान संचालित करने वाले व्यापारियों के लिए राहत की बात यह है कि वे किरायानामा (Rent Agreement) प्रस्तुत कर एनओसी प्राप्त कर सकते हैं।

इस पत्रकार वार्ता में अर्जुन डंग, गिरीश ग्रोवर, सुनील बजाज, अनिल बजाज और रंजन दीवान सहित अनेक दुकानदारों ने अपनी समस्याओं को पदाधिकारियों के समक्ष रखा।

इस मौके पर प्रदीप सरीन, प्रमोद महाजन, अजय महाजन, संजय अरोरा, दिलप्रीत सचदेवा, घनश्याम रोहरा, भीष्म लालवानी, राकेश महाजन, रवि महाजन, सुमित महाजन, हरीश लालवानी, नदीम अहमद और लक्ष्मण दास समेत बड़ी संख्या में फैडरेशन के सदस्य और व्यापारी मौजूद थे।

Dr. Bhanu Pratap Singh